मायावती पर भाजपा का पलटवार, जिनकी गिनती खत्म हो चुकी है वो उल्टी गिनती की बात न करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने बसपा सुप्रीमो के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि जिनकी गिनती जनता ने पहले ही खत्म कर कर दी, अब वे उल्टी गिनती की बात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गत लोकसभा व विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने मायावती को गिनती गिनने का कष्ट ही नहीं दिया। काशीराम के बहुजन मिशन को कमीशन बनाने वाली मायावती खुद तो चुनाव मैदान में उतरने का साहस न जुटा सकीं, लेकिन दलितों का शोषण करने वालों के समर्थन में जरूर खड़ी हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण समीकरणों के बीच एक उपचुनाव क्या जीत लिया, वह दिवास्वप्न देखने लगी हैं। मायावती दिन में सपने देखना बंद करें। डॉ. पांडेय ने कहा कि देश के अस्सी फीसदी भू-भाग पर भाजपा जनता की सेवा कर रही है। जबकि, बसपा सुप्रीमो प्रदेश में ही अपने अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रही हैं।
ये कहा था मायावती ने
मायावती ने कहा कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। फूलपुर और गोरखपुर के बाद कैराना व नूरपुर में उसकी हार हुई है। देश में जहां भी उपचुनाव हुए, जनता ने भाजपा को सही रास्ता दिखा दिया है।
13- ए माल एवेन्यू आवास खाली करने के मौके पर प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा, पूरी ताकत और शासन-प्रशासन के दुरुपयोग के बाद भी भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। इसलिए भाजपाई अपनी हार की खबर दबाने के लिए मेरे आवास खाली न करने की खबरें चलवाने में ताकत लगा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने 15 दिन का इंतजार किए बिना घर न खाली करने से जुड़ी खबरें चलाने के लिए निशाना साधा। कहा, उन्हें उम्मीद थी कि मीडिया कुछ भी लिखने या दिखाने से पहले कम से कम 15 दिन इंतजार करेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वह समझती हैं कि ऐसा लिखने व दिखाने के लिए मीडिया पर बड़ा दबाव डाला गया होगा।