2019 में जीत सुनिश्चित करने को भाजपा ने बनायी मेगा रणनीति, 40 लाख कार्यकर्ता देंगे अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय जनता पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भगवा लहराने के लिए मेगा रणनीति बनाई है। इसमें मंत्रियों को बड़ी भूमिका रहेगी। मिशन प्लस 74 के लिए प्रत्येक मंत्री को दो-दो लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है।
वे दो से चार नवंबर तक इन लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव संचालन समिति की बैठकों में शामिल होंगे। वोटर लिस्ट, बूथ समितियों के अभिनंदन, बाईक रैली और पदयात्रा के कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। इन कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए हर जिले में 15 कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा।
भाजपा ने मिशन 2019 को फतेह करने के लिए 40 लाख दायित्ववान कार्यकर्ताओं के जरिये 13.50 करोड़ वोटरों तक पहुंचने की योजना बनाई गई है। इसे अमली जामा पहनाने के लिए सघन योजना बनाई गई है। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्रियों की भी अहम भूमिका होगी।
सोमवार को भाजपा संगठन व प्रदेश सरकार के मंत्रियों की संयुक्त बैठक सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय, संगठन मंत्री सुनील बंसल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा, अधिकतर मंत्री, भाजपा के प्रदेश महामंत्री व उपाध्यक्ष और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मौजूद थे।
इस बैठक में मंत्रियों को लोकसभा चुनाव की तैयारियों का एजेंडा सौंप दिया गया। उन्हें बता दिया गया कि आने वाले महीनों में मुख्य फोकस लोकसभा चुनावों पर रहेगा। मंत्रियों को दो-दो लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है।
उनके साथ एक-एक पदाधिकारी लगाया गया है। वे 2 से 4 नवंबर के बीच दोनों लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव संचालन समिति की बैठक में शामिल होंगे। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र की बैठक पूरे दिन दो चरणों में चलेगी। मंत्रियों को फरवरी तक का टास्क समझाया गया है। इसी को मंत्री लोकसभा क्षेत्र संचालन समिति की बैठक में समझाएंगे।
10 से 15 तक बूथ समितियों का अभिनंदन
मंत्रियों की लोकसभा संचालन समिति की बैठक के बाद पहला कार्यक्रम 10 से 15 नवंबर के बीच बूथ समितियों के सदस्यों के अभिनंदन समारोह का है। निर्णय लिया गया कि प्रत्येक बूथ पर होने वाले अभिनंदन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय, दोनों उप मुख्यमंत्री, महामंत्री संगठन सुनील बंसल समेत सभी मंत्री पर पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। यह भी तय हुआ कि पार्टी नेताओं व मंत्रियों को दस-दस बूथों तक पहुंचना अनिवार्य होगा। पार्टी संगठन दायित्व तय करेगा कि कौन से कार्यकर्ता किस बूथ पर जाएंगे।
17 नवंबर को कमल संदेश बाईक रैली
17 नवंबर को कमल संदेश बाईक रैली में हर बूथ से पांच-पांच कार्यकर्ता झंडा, पटका व टोपी के साथ लोकसभा केंद्र पर पहुंचेंगे। बाईक रैली सभी 80 लोकसभा क्षेत्रों में निकलेंगी। इनके शुभारंभ और समापन के स्थल तय किए जाएंगे। शुभारंभ स्थल से बाईक रैली अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना होगी। इनमें भी मुख्यमंत्री से लेकर पदाधिकारी तक शामिल होंगे। इससे पहले बूथ समितियों की बैठक होगी। हर बूथ में 21 लोगों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।
दिसंबर में 150 किमी पदयात्रा
महात्मा गांधी की जयंती के 150वें वर्ष में प्रवेश करने पर भाजपा ने 1 से 15 दिसंबर के बीच सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा का कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 25-25 लोगों की 6 टोलियां बनाकर 150 किमी की पदयात्रा की जाएगी। इसमें हर रोज 10 किमी की यात्रा की जाएगी। ये टोलियां केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को लाभार्थियों, बुजुर्ग कार्यकर्ताओं के साथ ही घर-घर संपर्क करेंगी।
26 जनवरी से कमल ज्योति महाभियान
बैठक में कमल विकास ज्योति महाभियान पर भी चर्चा हुई। यह अभियान 26 जनवरी को सांय पांच बजे से प्रारंभ होगा। इसके तहत बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता मोदी व योगी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घर-घर जाकर कमल का दीपक जाएंगे और परिवार के साथ उत्सव मनाएंगे। वे केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां भी बताएंगे।