'गोकुल बैराज पर हिंसा भाजपाइयों की साजिश'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि मथुरा के गोकुल बैराज क्षेत्र के किसानों की आड़ में भाजपा और इसके युवा संगठन भाजयुमो ने हिंसा का जो तांडव किया है, वह साजिशन अराजकता पैदा करने का आपराधिक कृत्य है।
चौधरी ने कहा कि पिछले ढाई साल से भाजपा प्रदेश में सिर्फ अव्यवस्था पैदा करने में ही लगी रही है। कांठ (मुरादाबाद) में भी भाजपा ने डीएम और पुलिस प्रशासन पर हमला किया था। मुजफ्फरनगर कांड में हिंसा के पीछे भी भाजपाई थे।
मथुरा में भोले-भाले किसानों को भी उकसावा देकर पुलिस पर हमला किया गया। इसमें सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। गोकुल बैराज का कंट्रोल रूम तहस-नहस कर दिया गया। भाजयुमो ने मथुरा में 16 वर्ष पुराने मुआवजे के मसले को साजिशन भड़काया है।
जिला प्रशासन ने विफल किया षडयंत्र
वहीं मथुरा में आयोजित पत्रकार वार्ता में सपा नेताओं ने कहा कि गोकुल बैराज के लिए जमीन देने वाले किसानों की आड़ में भाजपा ओछी राजनीति कर रही है। शनिवार को हुआ उपद्रव सोची-समझी साजिश का हिस्सा था। इसकी पटकथा तीन दिन पूर्व आयीं फतेहपुर की सांसद निरंजन ज्योति लिखकर गई थीं।
जिलाध्यक्ष गुरुदेव शर्मा ने कहा कि कुछ रोज पहले कुछ किसान उनसे मिलने आए थे। उन्होंने जिला प्रशासन, सरकार के स्तर से हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया। इसी बीच भाजपा की फतेहपुर सांसद निरंजन ज्योति ने स्थानीय भाजपा नेताओं से मंत्रणा करके माहौल बिगाड़ने की साजिश रची।
महासचिव वीरेंद्र यादव ने सीधे कहा कि अफसरों के साथ हाथापाई की गई और पत्थर फेंके गए। सपा नेता मुकेश सिकरवार और ब्रजेश शर्मा ने कहा कि सपा ही किसानों की हमदर्द है। किसानों के दर्द और पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भेजी गई है।
जिला प्रशासन, पुलिस के अफसरों ने भाजपा के षड्यंत्र को विफल कर दिया है। एक सवाल के जवाब में पार्टी नेताओं ने कहा कि उनके संज्ञान में मामला चंद दिनों पूर्व ही आया है। इस अवसर पर सपा महासचिव वीरेंद्र यादव, प्रदीप चौधरी, पवन पांडेय, गोपाल शर्मा आदि भी उपस्थित रहे।