फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   bjp and sp clash again in raibareli

सपाइयों व भाजपाइयों में फिर भिड़ंत, चल गए ईंट-गुम्मे

Tue, 01 Jul 2014 11:52 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रायबरेली
ब्यूरो/अमर उजाला, रायबरेली Updated Tue, 01 Jul 2014 11:52 PM IST
विज्ञापन
bjp and sp clash again in raibareli

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला मुख्यालय पर मंगलवार को लखनऊ में हुए लाठीचार्ज के विरोध में धरने पर बैठे भाजपाइयों और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का विरोध कर रहे सपाइयों के बीच बवाल हो गया। दोनों तरफ से जमकर लात-घूंसे और ईंट-गुम्मे चले।

विज्ञापन


पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए लाठियां भांजी और डिग्री कॉलेज चौराहे पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। ईंट-गुम्मे चलने से शिव मंदिर का एक पुजारी घायल हुआ, जबकि भाजपा, सपा कार्यकर्ता और कई पुलिस कर्मियों को हल्की चोटें आई हैं। घायल पुजारी को जिला अस्पताल ले जाया गया।
विज्ञापन


लखनऊ में भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज के विरोध और प्रदेश में बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर मंगलवार को डिग्री कॉलेज चौराहा पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजय त्रिपाठी, पुष्पेंद्र सिंह, सदर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अनुभव कक्कड़ की अगुवाई में भाजपाई शहीद चौक पर धरने पर बैठे थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

मोदी का पुतला जलाना चाहते थे सपाई

bjp and sp clash again in raibareli

धरना चल ही रहा था कि बढ़ती महंगाई के विरोध में सपाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले की शव यात्रा निकालते हुए शहीद चौक पर पहुंच गए।

सपाई पीएम के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे और वहीं पर पुतले को जलाने का प्रयास किया। इस पर भाजपाई आक्रोशित हो गए और उन्होंने इसका तीखा विरोध किया। इसी बात को लेकर सपा और भाजपा में कहासुनी होने लगी।

बाद में सत्ता पक्ष की हनक दिखाते हुए सपाइयों ने भाजपाइयों पर ईंट-गुम्मे चला दिए। इससे भाजपाई भी उत्तेजित हो गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से एक दूसरे पर न सिर्फ लात-घूसों से हमला किया गया, बल्कि ईंट-गुम्मे चलने शुरू हो गए।

जवाबी कार्रवाई से भगदड़ मच गई। पुलिस ने रोका, लेकिन ईंट-गुम्मे बंद नहीं हुए। इससे पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी। जो भी मिला, उसे दौड़ा-दौड़ाकर भरे चौराहे लाठियां से पीटा। इससे सपाई और भाजपाई भाग खडे़ हुए। बाद में भाजपा ने धरना खत्म कर पुलिस की मौजूदगी में सीएम अखिलेश यादव का पुतला फूंक दिया।

पुलिस कर्मी के कपड़ों में भी लगी आग

bjp and sp clash again in raibareli

पुतला जलाने में भाजपा युवा मोर्चा का नगर उपाध्यक्ष प्रखर चौरसिया झुलस गया। पुतला जलता देख पुलिस में हड़कंप मच गया। जब तक पुलिस उसे बुझाती, पुतला जल चुका था।

इस दौरान एक पुलिस कर्मी के भी कपड़ों में आग लग गई, लेकिन पुतला बुझा दिया गया। पथराव में डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित पहलवान वीर बाबा मंदिर के पुजारी रामकिशुन को गंभीर चोटें आईं।

इसके अलावा भाजपा नेता अनुभव कक्कड़, पुष्पेंद्र सिंह, नगर अध्यक्ष संतोष गुप्ता, हिमांशु सिंह, आशुतोष पांडेय, मोनू दीक्षित, अंशु गुप्ता, अमित सिंह, मुकेश सिंह, गंगा सेवक और सपा की ओर से यूथ बिग्रेड के प्रदेश सचिव रंजीत यादव, जिला महासचिव गोविंद सिंह व अखिलेश माही को चोटें आई। इसके अलावा कई पुलिस कर्मी को भी चोटें आई।

यही नहीं कई राहगीर भी बवाल के दौरान पिट गए। सदर कोतवाल ओमप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में सपा यूथ बिग्रेड के प्रदेश सचिव रंजीत यादव को हिरासत में लिया गया है। मामले में अन्य दोषियों को पकड़ कर कार्रवाई की जाएगी।

कुछ देर को युद्ध का मैदान बना चौराहा

bjp and sp clash again in raibareli

भाजपाइयों और सपाइयों के बीच हुए बवाल से कुछ देर के लिए डिग्री कॉलेज चौराहा युद्ध का मैदान बन गया। अचानक दोनों तरफ ईंट-गुम्मे चलने से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। जो जिधर पाया, उधर भागा। पूरे तरह से अफरातफरी का माहौल रहा। कई दुकानदार दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए।

‘प्रदेश में कायम हो गया है गुंडाराज’

धरने पर बैठे भाजपाइयों ने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज कायम हो गया है। मंत्री और विधायक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। इससे प्रदेश का विकास नहीं हो पा रहा है। आम जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है।

अधिकारी सत्ता के दबाव में आकर काम कर रहे हैं, जिससे अपराध बढ़ रहा है। भाजपा इसको लेकर चुप नहीं बैठेगी। भाजपाइयों का कहना है कि सत्ता की वजह से सपाइयों ने हमला किया। पुलिस तमाशाई बनी रही।

इस मौके पर रामशंकर वर्मा, दल बहादुर कोरी, चंद्रप्रकाश त्रिवेदी, बुद्धीलाल पासी, दल नरेंद्र भंडारी, प्रेम पांडेय मौजूद रहे। उधर, सपा मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के अखिलेश माही, गोविंद का कहना है कि मोदी सरकार महंगाई पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए। विरोध करने पर भाजपाइयों ने हमला कर दिया।

कई थानों की फोर्स रही तैनात

bjp and sp clash again in raibareli

भाजपाइयों के धरने की वजह से डिग्री कॉलेज चौराहे पर भारी भरकम पुलिस तैनात रही। सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश चंद्र तिवारी और सीओ सदर शंकर प्रसाद के अलावा सदर कोतवाली, भदोखर, मिल एरिया थाने की फोर्स मौजूद रही।

यदि फोर्स न रहती तो भाजपाइयों और सपाइयों के बीच बवाल और बड़ा होता। बवाल की सूचना पर एसपी एन कोलांची मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीओ व सिटी मजिस्ट्रेट से घटना की जानकारी ली और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed