महंगी बिजली पर भाजपाइयों का जमकर बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपाइयों ने बुधवार को राज्य विद्युत नियामक आयोग के दफ्तर में खूब हंगामा किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी समेत कई नेता चेयरमैन देश दीपक वर्मा के कमरे के बाहर धरने पर बैठ गए। भाजपाइयों की आयोग के अधिकारियों और पुलिस से तीखी नोकझोंक व धक्कामुक्की भी हुई।
बिजली दरों के ऐलान की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना व विधान परिषद सदस्य हृदय नारायण दीक्षित समेत कई नेता करीब 11.30 बजे गोमतीनगर के मंडी भवन स्थित नियामक आयोग के दफ्तर पहुंच गए। आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस 12.15 बजे होनी थी।
भाजपाइयों के पहुंचते ही हड़कंप मच गया। एक मामले में सुनवाई चल रही थी जिसे निपटाकर चेयरमैन अपने कमरे में चले गए।
भाजपा नेता नारेबाजी करते हुए चेयरमैन के कमरे के बाहर धरने पर बैठ गए। भाजपा नेता यह कहते हुए बिजली दरों के ऐलान का विरोध कर रहे थे कि कॉर्पोरेशन ने लाइन हानियां कम करने के बारे में कोई लिखित आश्वासन नहीं दिया है।
खूब हुई भाजपाइयों की खातिरदारी
करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी रही। इस बीच पुलिस भी बुला ली गई। बाद में विधायक गोपाल टंडन भी समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए पहुंच गए। इसी बीच आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारी शुरू कर दी।
पत्रकारों के कक्ष में बैठने के बाद भाजपा नेता भी पुलिस से धक्कामुक्की करते हुए जबरन कमरे में चले गए। चेयरमैन और आयोग के सदस्य भी आ गए तो एक बार फिर गरमागरमी होने लगी।
चेयरमैन ने साफ कह दिया कि वह दरों का ऐलान तो करेंगे ही। जहां तक पक्ष सुनने की बात है तो प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा नेताओं से बात करेंगे। इसके बाद भाजपा नेता कमरे से बाहर गए।
...और जलपान करके लौट गए नेता
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा नेताओं ने चेयरमैन से उनके कमरे में लंबी बातचीत की। आयोग की तरफ से भाजपाइयों की खूब खातिरदारी की गई। विरोध करने गए भाजपा नेता छककर जलपान करने के बाद लौट गए।