बिना गार्ड वाले एटीएम से पैसे निकालते वक्त रहें सावधान, ठग स्किमर से लगा रहे चूना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केस- एक
जानकीपुरम सहारा एस्टेट निवासी करुणेश सरन श्रीवास्तव का पीएनबी जानकीपुरम ब्रांच में खाता है। बुधवार को उनके मोबाइल पर खाते से दो बार में करीब डेढ़ हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। उन्होंने कस्टमर केयर पर फोन कर कार्ड ब्लॉक करा दिया। छानबीन में पता चला कि कार्ड की क्लोनिंग कर खाता खंगाला गया है।
केस- दो
अमीनाबाद के नया गांव निवासी ऐमन खान का बचत खाता पंजाब नेशनल बैंक में है। साइबर जालसाज ने कार्ड का क्लोन बनाकर खाते से दो बार में 8 हजार रुपये निकाल लिए। रुपये कटने का मैसेज देख ऐमन के होश उड़ गए। उन्होंने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई।
केस- तीन
विज्ञानपुरी निवासी सूर्य प्रकाश मिश्र का एसबीआई में अकाउंट है। मंगलवार को उनके खाते से करीब 42 हजार रुपये निकल गए। मैसेज से उन्हें ठगी की जानकारी हुई। सूर्य प्रकाश के अनुसार, उन्होंने किसी को भी कार्ड की डिटेल नहीं बताई थी। ऐसे में क्लोनिंग कर रुपये निकाले गए।
ऊपर दिए गए सभी मामले कार्ड की क्लोनिंग के हैं। ऐसी सैकड़ों शिकायतें हर महीने साइबर सेल में आती हैं। साइबर क्राइम एसीपी विवेक रंजन राय ने बताया कि क्लोनिंग के लिए जालसाज उन एटीएम बूथ को निशाना बनाते हैं, जहां गार्ड नहीं होते हैं। अगर आप एटीएम बूथ पर रुपये निकाल रहे हैं तो सावधानी से कार्ड का इस्तेमाल करें। पैसा निकालते वक्त जल्दबाजी बिल्कुल भी न करें।
पासवर्ड डालते समय अपने हाथों से की पैड ढक लें
साइबर क्राइम एसीपी ने बताया कि साइबर ठग एटीएम, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड की क्लोनिंग के लिए एटीएम में स्किमर लगा देते हैं। जैसे ही आप कार्ड मशीन में स्वाइप करते हैं, आपके कार्ड की सारी डिटेल इस मशीन में कॉपी हो जाती है। इसके बाद ठग आपके कार्ड की सारी डिटेल कंप्यूटर या अन्य तरीकों के जरिए खाली कार्ड में डालकर कार्ड क्लोन तैयार कर लेते हैं।
क्लोनिंग से बचने के उपाय
- एटीएम में कार्ड डालने वाला स्लॉट थोड़ा ढीला लगता है तो कार्ड न स्वाइप कराएं।
- इस स्लॉट के पास लगी लाइट न जल रही हो तो ऐसे एटीएम से पैसे न निकालें।
- जब भी आप पासवर्ड डालें तो अपने हाथों से की पैड ढक लें, ताकि ठग हिडन कैमरे से आपका पासवर्ड न देख सके। यदि आपको एटीएम का की पैड जरा सा भी ढीला लग रहा है तो एटीएम का इस्तेमाल न करें।
ये भी हुए क्लोनिंग के शिकार
- चौक के पाटानाला निवासी चांद बाबू का बचत खाता बैंक ऑफ महाराष्ट्र में है। तीन जून को जालसाज ने कार्ड का क्लोन बनाकर खाते से 2,999 रुपये निकाल लिए। बैंक में शिकायत के बाद पीड़ित ने चौक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
- चौक थाना क्षेत्र के अशर्फाबाद निवासी शिखा सक्सेना का बचत खाता एसबीआई में है। बीते 13 मई को जालसाज ने कार्ड की क्लोनिंग कर खाते से 15,193 रुपये निकाल लिए। तीन जून को बिल मिलने पर पीड़िता को जानकारी हुई। मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई।
- कृष्णानगर निवासी चंदन कुमार के एटीएम कार्ड का क्लोन बना कर आठ हजार और डालीगंज निवासी अंजनी कुमार अग्रवाल के खाते से दस हजार रुपये ठगों ने निकाल लिए।