Balrampur: राधा कृष्ण मंदिर पुजारी हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, बहन को भगाने का था मामला, चौथे दिन खुलासा
बलरामपुर में राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी के हत्याकांड का पुलिस ने चौथे दिन खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस व दो बाइके बरामद की हैं।
विस्तार
बलरामपुर शहर के खलवा निवासी विवेक द्विवेदी बलुहा के साजन तिवारी की बहन को साथ ले गया था। साजन तिवारी व उसका भाई राघवेंद्र, विवेक की तलाश कर रहे थे। विवेक के न मिलने पर उसके चचेरे भाई शत्रुहन द्विवेदी की गोली मारकर हत्या कर दी। राधा कृष्ण मंदिर पुजारी हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने चौथे दिन कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त तमंचा, जीवित कारतूस व दो बाइक बरामद हुई हैं। गिरफ्तारी रविवार सुबह दिपवा बाग तुलसीपुर रोड स्थित बांध पर हुई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 25 हजार का इनामी मुख्य अभियुक्त फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
24 अप्रैल को सुबह शहर से पूरब स्थित दिपवाबाग में 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला था। युवक के सीने में गोली मारकर हत्या की गई थी। मृतक युवक की पहचान मोहल्ला खलवा निवासी कृष्ण कुमार द्विवेदी के पुत्र शत्रोहन द्विवेदी रूप में हुई थी। परिजनों ने पूछताछ में बताया था कि 23 अप्रैल की शाम को दो लोग शत्रोहन द्विवेदी को घर से बुला ले गए थे। जब वह घर नहीं लौटा तो रात भर उसकी तलाश चलती रही लेकिन शत्रोहन द्विवेदी का पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह उसका शव बाग में पड़ा मिला।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने घटना अनावरण की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक नम्रिता श्रीवास्तव, सीओ ज्योतिश्री व कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह को सौंपी थी। मामले तह तक पहुंचने के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। विवेचना में पाया गया कि यह प्रकरण लड़की भगाने से जुड़ा हो सकता है। रविवार को मुखबिर की सूचना पर बलुहा निवासी राघवेंद्र तिवारी उर्फ दद्दू पुत्र शिव वंशमणि तिवारी व मोहित वर्मा उर्फ काका पुत्र दुखहरन वर्मा को नहरबालागंज से तुलसीपुर जोड़ने वाले बांध पर गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह, की टीम ने किया। तलाशी लेने पर 315 बोर का तमंचा व जीवित कारतूस पाया गया। मौके पर दो बाइक भी मिलीं। दो मोबाइल फोन जब्त किये गए। साजन तिवारी मौके पर नहीं था, इसलिए गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
बहन को भगाने के प्रतिशोध में की हत्या
गिरफ्तार आरोपी राघवेंद्र तिवारी व मोहित वर्मा ने बताया कि विवेक द्विवेदी साजन तिवारी की बहन को बीते 21 अप्रैल को अपने साथ भाग ले गया था। इस बात को लेकर राघवेंद्र व साजन तिवारी में आक्रोश था। वे विवेक को जान से मारने की नीयत से तलाश कर रहे थे। उसका पता नहीं चला तो उसके चचेरे भाई शत्रोहन द्विवेदी को फोन करके बुला लिया। सुनसान स्थान पर ले जाकर शत्रोहन द्विवेदी की हत्या कर दी गई। एसपी के मुताबिक राघवेंद्र पर पहले से ही दो केस दर्ज हैं। साजन तिवारी मौके से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.