बहराइच हिंसा: मृतक रामगोपाल के परिवार ने रखी अजीब शर्त, कहा- हमारे सामने हो आरोपी का एनकाउंटर, चले बुलडोजर
Bahraich violence: बहराइच हिंसा में मृतक रामगोपाल मिश्रा का अंतिम संस्कार तो कर दिया गया लेकिन इस बीच परिवार ने प्रशासन के सामने एक अजीब शर्त रख दी है।
विस्तार
रविवार की शाम बहराइच में शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा अब तक शांत नहीं हुई। महसी और महराजपुर से शुरू हुई यह हिंसा शहरी क्षेत्र के साथ गांवों में फैलती चली गई। सुबह पोस्टमार्टम हाउस से जब रामगोपाल का शव आया तो हजारों की संख्या में भीड़ जमा हो गई। इसके बाद भीड़ ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इससे गांव वालों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। तहसील मुख्यालय में शव रखकर प्रदर्शन किया गया। इसके बाद समझाने पर करीब चार बजे शव को मुखाग्नि दी गई।
आरोपी का एनकाउंटर हो
इस बीच राम गोपाल मिश्रा के परिवार ने एक अजीब शर्त रख दी। परिवार ने कहा कि वह तभी मानेंगे जब आरोपी का एनकाउंटर उनके सामने किया जाए। मृतक के भाई, बहन और पिता ने मीडिया से बात करते हुए यह मांग रखी। उन्होंने कहा कि दोषियों का उनके सामने एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए।
पूरे जिले में फैली आग
महसी के महराजगंज कस्बे में विसर्जन जुलूस के दौरान हुई पत्थरबाजी व गोलीकांड की आग धीरे-धीरे पूरे जिले में फैलती जा रही है। सोमवार की सुबह से जिले भर में डर व दहशत का माहौल रहा। दहशत का आलम यह रहा कि शहर की मुख्य बाजार घंटाघर से पीपल तिराहे की दुकानें बंद रही।
वहीं महराजगंज कस्बे में सुबह से ही सन्नाटा रहा और सिर्फ पुलिस कर्मी ही नजर आए। दहशत से भरे लोग अपने घरों में कैद रहे और बाजार की सभी दुकानें बंद रही। वहीं विवाद का असर शिवपुर विकासखंड की बजार में भी देखने को मिला और पूरे शिवपुर की बजारें भी बंद रही। इस दौरान बाजार में लोग प्रदर्शन करते भी दिखे। साथ ही खैरीघाट, भगवानपुर चौराहा, राजीचौराहा, महसी आदि क्षेत्रों में भी बजारें बंद रही और लोग दहशत में रही। बाजारों व सड़कों पर सिर्फ पुलिस कर्मी ही नजर आए।
तहसील मुख्यालय पर शव रखकर किया प्रदर्शन
गांव में देखते ही देखते कुछ देर में लगभग 5000 की भीड़ जमा हो गई और तनाव बढ़ गया। कुछ देर बाद आक्रोशित ग्रामीण मृतक का शव लेकर महसी तहसील मुख्यालय पहुंचे और शव रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। इस दौरान लोगों ने महसी-राजी चौराहा मार्ग भी जाम कर दिया। सूचना पर डीएम, एसपी व विधायक महसी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने में जुटे रहे।
भारी पुलिस बल व पीएसी तैनात, लाठी लेकर युवा कर रहे प्रदर्शन
प्रदर्शन स्थल व रेहुआ गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात हैं। वहीं पीएसी के जवान भी तैनात है और स्थिति से निपटने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन समय बढ़ने के साथ ही तनाव बढ़ रहा है। सैकड़ों की संख्या में मौजूद युवा हाथों में लाठी-डंडा लेकर नारेबाजी करते हुए सड़कों पर घूम रहे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.