सहारनपुर हिंसा में डीएम व एसएसपी निलंबित, मुआवजे की घोषणा
सहारनपुर में हिंसा रोकने में नाकाम रहने पर योगी सरकार ने डीएम एनपी सिंह और एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे को निलंबित कर दिया है। वहीं, मंडल आयुक्त एनपी अग्रवाल और डीआईजी जेके शाही का तबादला कर दिया गया।
एक एसडीएम व एक डिप्टी एसपी को भी सस्पेंड किया गया है। बावजूद इसके सहारनपुर में बुधवार को हिंसा का तांडव जारी रहा और गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। इस बीच, मंगलवार की हिंसा में 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अब पीके पांडेय को वहां का डीएम व बबलू कुमार को एसएसपी बनाया गया है। इस बीच, जिला प्रशासन ने सहारनपुर में मोबाइल पर इंटरनेट, मैसेजिंग और सोशल मीडिया पर रोक लगा दी है।
मृतक के परिवार को 15 लाख मुआवजे की घोषणा
चंदपुर में हुए हमले में मृत आशीष का तड़के ही कड़ी सुरक्षा में अंतिम संस्कार कराया गया। सरकार ने मृतक के परिवार को 15 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार के मुआवजे की घोषणा की।
जिले के सभी संवेदनशील गांवों में पुलिस तैनात रही। हालांकि दोनों घटनाओं को पुलिस सीधे तौर पर जातीय संघर्ष नहीं मान रही है। उनका कहना है यह मामला रंजिश का भी हो सकता है।
मायावती को अनुमति देना पड़ा महंगा
9 मई की घटना के बाद सहारनपुर शांति बहाली की ओर बढ़ रहा था। तभी बसपा सुप्रीमो मायावती ने सहारनपुर के शब्बीरपुर जाने की जिला प्रशासन से अनुमति मांगी। मायावती के हेलीकॉप्टर को जिला प्रशासन ने सहारनपुर में उतरने की अनुमति नहीं दी, तो वह दिल्ली से सड़क के रास्ते सहारनपुर पहुंच गईं।