इस साल 5.51 लाख दीपक जल रहे हैं अगले वर्ष ये संख्या 7.51 लाख होगीः सीएम योगी
दीपावली के शुभ अवसर पर अयोध्या इस बार नया इतिहास लिखने जा रही है। घाटों से लेकर नदियों तक, आसमान से लेकर धरती तक, पेड़-पौधे, दीवार, घर, दुकान-मकान सबकुछ राममय हो गया है। दीपावली का यह अलौकिक दृश्य देखते ही बन रहा है। इस पूरे कार्यक्रम की निगरानी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं कर रहे हैं। यहां पढ़िए अयोध्या के ऐतिहासिक दीपोत्सव से संबंधित सभी लाइव अपडेट-
लाइव अपडेट
योगी ने राम की पैड़ी में दीप जलाए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दीपोत्सव के रूप में राम की पैड़ी में दीप जलाए। आज सरयू नदी के तट पर 5.51 लाख मिट्टी के दीपक जलाए गए।
योगी ने की राम की पैड़ी में आरती
अयोध्या दीपोत्सव को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम की पैड़ी में आरती की।
योगी ने कहा कि हम श्रद्धालुओं की श्रद्धा का भी सम्मान करेंगे और पर्यटकों को भारत की प्राचीन परंपरा के साथ जोड़ने का काम करेंगे।
सीएम योगी ने अयोध्या के विकास में जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग समेत सभी संबंधित विभागों के योगदान की सराहना की। साथ ही कहा कि संत महंत नृत्य गोपाल दास अस्वस्थता के कारण यहां नहीं आए हैं। लेकिन उनके उत्तराधिकारी कमल नयन दास जी यहां आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार लगातार दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या आ रही है। जब हम सरकार में आए थे तो यह प्रस्ताव सुनकर ही अधिकारी भौचक्के रह जाते थे कि सरकार अयोध्या जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या के राम भक्तों ने बहुत अन्याय सहा है लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। देश-दुनिया आज अयोध्या से जुड़ने के लिए उत्सुक है। यहां हम निराश्रित महिलाओं और बच्चों के लिए सदन के निर्माण का काम भी आगे बढ़ाएंगे। भगवान राम से जुड़े हर स्थल को विश्व स्तरीय पहचान दिलाएंगे।
सीएम योगी ने कहा कि शीघ्र ही राजश्री दशरथ मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यहां विश्वस्तरीय इलाज की सुविधाएं होंगी। अयोध्या को हम वैदिक सिटी के रूप में विकसित करेंगे।
योगी ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं, जो प्रभु राम के मंदिर निर्माण के साक्षी बन रहे हैं। पहले जब मैं अयोध्या में आता था तो एक ही बात होती थी कि विकास नहीं राम मंदिर चाहिए। आपने धैर्य का परिचय दिया और उसका परिणाम है कि आज राम मंदिर का निर्माण हो रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि हम सिर्फ मंदिर का ही निर्माण नहीं कर रहे हैं, रामराज्य की परिकल्पना के अनुसार विकास कार्य भी कर रहे हैं। प्रत्येक गरीब को घर, शौचालय कनेक्शन और पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की व्यवस्था की है। 80 करोड़ लोगों को खाद्यान्न दे रहे हैं। कार्डधारक कहीं से भी खाद्यान्न ले सकता है। यह सुविधा भी दे दी गई है।
सीएम योगी ने कहा कि आज राम वनगमन मार्ग, रामायण सर्किट सहित तमाम योजनाओं की परिकल्पनाएं साकार हो रही हैं। कृष्णा सर्किट और अन्य योजनाओं के माध्यम से पवित्र धामों को पर्यटन जोड़ा जा रहा है। पहले सरकारें पंच कोसी, 84 कोसी परिक्रमाओं को रोकती थीं। आज की सरकार इस यात्रा में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा के लिए काम कर रही है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने न केवल राम की पैड़ी को अविरल और निर्मल बना दिया है बल्कि उसका विस्तार भी किया है, इस साल 5.51 लाख दीपक जल रहे हैं अगले वर्ष ये संख्या 7.51 लाख पहुंचने वाली है।