{"_id":"60da05998ebc3ed78077f3da","slug":"ayodhya-case-aap-mp-warns-to-go-to-court-if-fir-is-not-there-has-given-tahrir-against-nine","type":"story","status":"publish","title_hn":"अयोध्या प्रकरण : एफआईआर नहीं होने पर आप सांसद ने कोर्ट जाने की दी चेतावनी, नौ के खिलाफ दी है तहरीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अयोध्या प्रकरण : एफआईआर नहीं होने पर आप सांसद ने कोर्ट जाने की दी चेतावनी, नौ के खिलाफ दी है तहरीर
Mon, 28 Jun 2021 10:53 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Mon, 28 Jun 2021 10:53 PM IST
सार
उन्होंने कहा कि इतना बड़ा घोटाला उजागर होने के बावजूद केंद्र व प्रदेश सरकार ने अब तक इस मामले की न तो जांच कराई और न ही किसी के खिलाफ कार्रवाई ही की गई। उल्टे घोटाले में शामिल लोग उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं।
विज्ञापन
आप सांसद संजय सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राम मंदिर के नाम पर कीमत से अधिक दाम पर जमीन खरीदने का प्रकरण सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी (पार्टी) के प्रदेश प्रभारी और सांसद संजय सिंह ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। उन्होंने इस प्रकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अयोध्या के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय व ट्रस्ट महासचिव चंपत राय समेत 9 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि अगर इन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती है तो वह कोर्ट जाएंगे। अयोध्या की कोतवाली में तहरीर देने के बाद लखनऊ पहुंचे आप सांसद सोमवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इतना बड़ा घोटाला उजागर होने के बावजूद केंद्र व प्रदेश सरकार ने अब तक इस मामले की न तो जांच कराई और न ही किसी के खिलाफ कार्रवाई ही की गई। उल्टे घोटाले में शामिल लोग उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं। आप सांसद ने मुख्यमंत्री से अपील की कि अगर उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा चलाना हो तो उसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए।
विज्ञापन
संजय सिंह ने कहा कि सरकार ने जब जमीन प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं की तो उन्होंने एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। इसमें मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व सदस्य अनिल मिश्र, हरीश पाठक, कुसुम पाठक, सुल्तान अंसारी, रवि मोहन तिवारी, डिप्टी रजिस्टार एसबी सिंह और मेयर के भतीजे दीप नारायण का नाम शामिल है।
विज्ञापन
एक से 10 जुलाई तक रोजगार गारंटी पदयात्रा
आप सांसद ने कहा कि पार्टी 01 से 10 जुलाई तक रोजगार गारंटी पदयात्रा निकालेगी। यह पदयात्रा लोअर पीसीएस-2019, वीडीओ-2018 और 68500 शिक्षकों की भर्ती को लटकने के विरोध और नई भर्तियों की मांग को लेकर की जा रही है। यात्रा का नेतृत्व पार्टी के छात्र विंग के प्रदेश अध्यक्ष वंशराज दुबे करेंगे।
आप में शामिल हुए कांग्रेस के कई नेता
आप प्रभारी संजय सिंह ने रामपुर से आए कई कांग्रेस नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्हें विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। रामपुर के स्वार टाडा विस क्षेत्र के कांग्रेसी नेता आसिफ मियां के नेतृत्व में चार जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी, पांच ग्राम प्रधान, दो पूर्व प्रधान, पांच बीडीसी सदस्य, तीन पूर्व बीडीसी सदस्य, एक नगर पालिका सदस्य व एक पूर्व नगर पालिका सदस्य आप में शामिल हुए। इनके अलावा यूथ कांग्रेस के महासचिव डॉ. डीपी गंगवार, निर्वेश कुमार, नरेंद्र वर्मा, अमरदीप सिंह, आशुतोष पांडेय, अमित शुक्ला, अवनीश शुक्ला, राकेश शर्मा आदि लोगों ने भी आप की सदस्यता ली। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी मौजूद थे।