निवेश के नाम पर अफसरों, मंत्रियों व जजों को लगाया चूना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जमीन में निवेश के नाम पर आईएएस अधिकारियों, पूर्व मंत्री और बाहुबली विधायकों से करोड़ों रुपये ऐंठने वाले आर्यन टेक डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एमडी अनिल गुप्ता को विकासनगर पुलिस ने सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
एसओ रवि श्रीवास्तव के मुताबिक उसने बसपा सरकार में एक बाहुबली विधायक के 70 लाख, सपा के पूर्व मंत्री से 20 लाख, एलडीए के ठेकेदार से 15 लाख, कुशीनगर के एक नेता से 20 लाख रुपये के अलावा कई आईएएस अधिकारियों, न्यायाधीशों, डॉक्टर, इंजीनियर और वकीलों का पैसा प्रॉपर्टी में निवेश के बहाने डकारना कुबूला है। एलडीए के प्लॉट और फ्लैट दिलाने का झांसा देकर वह आम लोगों की भी रकम डकार चुका है।
एसओ ने बताया कि अनिल बीते करीब सात साल से इस तरह के काम में लिप्त था। शुरुआती पड़ताल में पुलिस को चार करोड़ रुपये से अधिक रकम ऐंठने का पता चला है। अनिल के खिलाफ सोमवार को आशियाना निवासी रिटायर्ड आईएएस कृष्ण कुमार गुप्ता ने धोखाधड़ी कर जमीन का सौदा कर 15 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसओ का कहना है कि गाजियाबाद, नोएडा और इलाहाबाद सहित कई जनपदों से उसके खिलाफ शिकायतें मिली हैं। हो सकता है कि वहां भी पीड़ितों ने एफआईआर दर्ज करा रखी हो। छानबीन की जा रही है।
2500 रुपये का इनाम, बदलता रहता था घर
अनिल मूल रूप से कुशीनगर के पटरेवा थाना क्षेत्र के बसडीला महंत गांव का है। कई साल पहले वह लखनऊ आया और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने लगा। वह कुछ महीने बाद ही मकान बदल देता था।
उसका ऑफिस विकासनगर में ऑर्चिड अपार्टमेंट प्रथम में है। फिलहाल वह गोमतीनगर विस्तार में सरस्वती अपार्टमेंट में पत्नी उर्मिला और दो बेटों के साथ रह रहा था।
इससे पूर्व वह जानकीपुरम में शिव विहार रोड पर एक मकान में रहता था। लंबे समय से वह लखनऊ पुलिस की आंखों में धूल झोंककर घूम रहा था। पुलिस ने उस पर 2500 रुपये का इनाम भी रखा था।