मुलायम की बहू बोलीं, बीवी को देशप्रेम नहीं सिखा पाए आमिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने एक बड़ा बयान दिया है। अभिनेता आमिर खान के असिहष्णुता के बयान का एक तरफ जहां मुलायम सिंह यादव समर्थन करते नजर आए वहीं मुलायम की ही बहू आमिर के विरोध में खड़ी नजर आई।
अपर्णा यादव ने फेसबुक और ट्विटर पर आमिर खान के खिलाफ लिखा है। अपर्णा यादव ने फेसबुक पेज पर लिखा है कि ये सत्यापित हो गया है कि आमिर खान सिर्फ अभिनेता हैं, जो कि 'रंग दे बसंती' और 'मंगल पांडे' जैसे देश भक्तों के किरदार निभाने के बावजूद अपनी पत्नी को देश प्रेम न समझा पाये। हमारी गलती है कि आपसे इतनी बड़ी अपेक्षा करी। जय हिन्द जय भारत...!!
नरेन्द्र मोदी की तारीफ से चर्चा में आई थी अपर्णा
मुलायम की छोटी बहू अपर्णा यादव एक समाज सेविका भी हैं। इससे पहले अपर्णा यादव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करके चर्चा में आ गई थी। अपर्णा ने मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की तारीफ की थी।
आमिर के विरोध में लिखी इस फेसबुक पोस्ट के बारे में जब अपर्णा यादव से पूछा गया तो वह कुछ नहीं बोलीं जबकि उनके ऑफिस से इस बात की पुष्टि कि ये पोस्ट अपर्णा ने अपलोड की है। वहीं जब इस पोस्ट के बारे में मुलायम सिंह यादव से पूछा गया तो मुलायम का कहना था कि सभी को अपनी राय देने का अधिकार है। वहीं आमिर खान के इस बयान को लेकर खुद सरकार उनसे बात करेगी।
आमिर खान के बयान को लेकर सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव और आजम खां ने अपना समर्थन दर्ज कराया है। ऐसे में मुलायम की छोटी बहू आमिर खान के बयान का विरोध करके फिर से चर्चा में आ गई हैं।