घूस लेते पकड़ा गया पॉवर कॉर्पोरेशन अकाउंटेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रामसनेहीघाट डिवीजन में तैनात पावर कॉर्पोरेशन के एक अकाउंटेंट को लखनऊ की एंटी करप्शन की टीम ने गुरुवार को 70 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। विभाग में ही ठेकेदारी का काम करने वाले एक व्यक्ति की शिकायत पर एंटी करप्शन की टीम ने यह कार्रवाई की है।
आरोपी अकाउंटेंट के खिलाफ रामसनेहीघाट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ललुआपुर निवासी शिवकेश उपाध्याय पावर कॉर्पोरेशन में बिल बनाने की फ्रेंचाइजी चलाता था। वर्ष 2011 व 12 के बाद शिवकेश ने यह काम बंद कर दिया था। उसका करीब 4.50 लाख रुपये कमीशन विभाग पर बकाया था।
ठेकेदार ने लखनऊ मुख्यालय से अपने बकाए भुगतान का चेक बनवा लिया था। जो रामसनेहीघाट डिवीजन भेजा गया था। लेकिन यहां पर अधिशासी अभियंता कार्यालय में तैनात अकाउंटेंट निर्मेश नंदन श्रीवास्तव ठेकेदार शिवकेश उपाध्याय से उसका बकाया भुगतान करने की एवज में एक लाख रुपये की घूस मांग रहा था।
एंटी करप्शन टीम हुई सक्रिय
शिवकेश ने इस मामले की जानकारी एंटी करप्शन लखनऊ की टीम को दी। इसके बाद 70 हजार रुपये पर मामला तय हुआ और बृहस्पतिवार को पैसा लेकर आने की बात कही। ठेकेदार शिवकेश बृहस्पतिवार दोपहर 70 हजार रुपये लेकर पावर कॉर्पोरेशन कार्यालय पहुंचा तो अकाउंटेंट ने उसे दोपहर बाद आने को कहा।
इस बीच यहां पहुंची एंटी करप्शन की टीम भी सक्रिय रही। दोपहर बाद जब ठेकेदार पैसे लेकर अकाउंटेंट के पास पहुंचा और उसे 70 हजार की नकदी दी वैसे ही पीछे से पहुंची एंटी करप्शन की टीम ने अकाउंटेंट निर्मेश को घूस लेते रंगे हाथ धर दबोचा।
एंटी करप्शन टीम की अगुवाई कर रहे इंस्पेक्टर चंद्र मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी अकाउंटेंट के खिलाफ रामसनेहीघाट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रामसनेहीघाट कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपी अकाउंटेंट के खिलाफ विभिन्न धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।