किसानों के मुद्दे पर मीटिंग में शतरंज खेलते रहे अफसर!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फसल की बर्बादी के सदमे से सूबे में किसान मर रहे हैं...। खुदकुशी कर रहे हैं...। शुक्रवार को किसानों के आंसू पोंछने को लेकर योजना भवन में मीटिंग थी। राजस्व एवं सहकारिता मंत्री शिवपाल सिंह यादव जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों से राहत की समीक्षा और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर रहे थे। मामला संवेदनशील था...। चर्चा का विषय संजीदगी दिखाने वाला था...।
पर, राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव आलोक कुमार इतने संवेदनशील मसले की समीक्षा के दौरान मोबाइल पर शतरंज खेलते नजर आए। आलोक कुमार की गिनती काबिल अफसरों में होती है। उनसे ऐसी असंवेनशीलता की उम्मीद तो कोई नहीं कर सकता।
आलोक भले ही शतरंज खेलने से इन्कार कर रहे हों, राजस्व मंत्री ने कहा है कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए गए तो उनपर कार्रवाई होगी।
हुआ कुछ यूं था
बेमौसम की बारिश और ओले से किसान फसलों की बर्बादी से बेहाल है। बात बर्बादी की समीक्षा का हो तो शतरंज खेलने को कोई क्या कहेगा? बहरहाल मोबाइल पर ‘बेवक्त’ शतरंज की चालें चलते और अपनी बाजियों पर मुस्कुराते देखे गए राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव आलोक कुमार नए विवाद में उलझ गए हैं। पंचम तल (मुख्यमंत्री कार्यालय) से हटाए जाने के बाद से ही वे परिषद में तैनात हैं।
समीक्षा बैठक में राजस्व परिषद के चेयरमैन अनिल कुमार गुप्त, प्रमुख सचिव राजस्व सुरेश चंद्रा, राहत आयुक्त लीना जौहरी व आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद आलोक कुमार सहित कई वरिष्ठ अफसर शामिल थे।
मंत्री शिवपाल यादव जब अफसरों से बात कर रहे थे तो आलोक कुमार मोबाइल में मशगूल थे। पर, आलोक आरोपों से पूरी तरह इन्कार कर रहे हैं। राजस्व मंत्री साफ कर चुके हैं कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। आलोक कुमार दोषी होंगे तो कार्रवाई होगी।
चेयरमैन ने कहा-लिखा-पढ़ी की जाएगी तो बता देंगे
मामले पर राजस्व परिषद के चेयरमैन अनिल कुमार गुप्त का कहना है कि चंद्रशेखरजी की जयंती की छुट्टी का दिन होने से दफ्तर बंद था। मैं भी दिल्ली में हूं। जब दफ्तर खुलेगा और कोई लिखा-पढ़ी की जाएगी तो बता दिया जाएगा। इसमें जल्दी क्या पड़ी है?
...तो जवाब दे देंगे
वहीं, मामले पर राजस्व परिषद के आयुक्त व सचिव आलोक कुमार का कहना है कि वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के दौरान राजस्व परिषद के अध्यक्ष सहित अन्य अफसर भी थे। बैठक बहुत अच्छी रही।
पूरी बैठक के दौरान ऐसी कोई बात नहीं हुई और न ही किसी स्तर पर कोई नाखुशी जताई गई। अब बैठक के बाहर यदि कोई बात उठाई जा रही है तो मैं उस पर कुछ नहीं कह सकता। यदि आधिकारिक रूप से कुछ पूछा जाएगा तो जवाब दे देंगे।