कर्नाटक चुनाव के बाद भाजपा की मिशन 2019 की तैयारी, शाह योगी से 20 मिनट अकेले में की गुफ्तगू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कर्नाटक चुनाव के बाद भाजपा यूपी में मिशन 2019 की तैयारी शुरू कर देगी। हालांकि इस बीच मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव भी होने हैं लेकिन पार्टी इन चुनावों के साथ ही यूपी में लोकसभा की तैयारी भी शुरू कर देगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जून-जुलाई में लोकसभा क्षेत्रों की समीक्षा कर आगे का खाका खींचेंगे।
रायबरेली की रैली के बाद दिल्ली लौटते वक्त शाह ने प्रदेश मुख्यालय पर पदाधिकारियों के साथ बैठक में यह संकेत दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 20 मिनट अलग गुफ्तगू की। फिर पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों तथा उप मुख्यमंत्रियों से बातचीत की।
बताया जाता है कि उन्होंने मंत्रिमंडल के पुनर्गठन पर भी प्रमुख नेताओं से विचार-विमर्श किया। संगठन में दो क्षेत्रों के अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां जल्द करने के साथ मोर्चा और प्रकोष्ठों की कार्यकारिणी का गठन भी करने को कहा। इसके बाद वे दिल्ली लौट गए।
जानकारी के मुताबिक, शाह जून-जुलाई में प्रत्येक दौरे में चार-चार लोकसभा क्षेत्रों में पहुंचकर वहां की समस्याओं, जरूरतों, सरकार की योजनाओं की समीक्षा के साथ मौजूदा सांसद की छवि, जनता में सरकार और सांसद के प्रति फीडबैक के साथ संभावित उम्मीदवारों जैसे मुद्दों पर बातचीत करेंगे। दौरे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भी रहेंगे।
क्षेत्रीय संगठन मंत्रियों से लिया फीडबैक
लगभग तीन घंटे भाजपा मुख्यालय पर रहे शाह ने भाजपा के सभी छह क्षेत्रों के संगठन मंत्रियों से सामूहिक और अलग-अलग बातचीत में उनके क्षेत्र में चलाए जा रहे कार्यक्रमों, सरकार की योजनाओं, कानून-व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों को लेकर फीडबैक लिया। साथ ही दलितों में अति दलित जातियों और पिछड़ों में अति पिछड़ी जातियों को भाजपा के पक्ष में लामबंद करने के उपायों पर बातचीत की।
अधिकारी भी मिले
वाराणसी के जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा ने भाजपा कार्यालय में अमित शाह से मुलाकात की। प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी भी भाजपा कार्यालय में देखे गए।