यूपी में किसने जला डाली अंबेडकर की प्रतिमा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सीतापुर कोतवाली क्षेत्र में अमरनगर रोड के किनारे लगी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा को गुरुवार सुबह कुछ अराजकतत्वों ने आग के हवाले कर दिया, जिससे प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई।
इससे आक्रोशित सैकड़ों लोग कोतवाली पहुंचे और कड़ा विरोध जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिमा को पेंट कराकर उसे दुरुस्त करा दिया है। देर शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अमरनगर रोड के किनारे बाबा साहेब की प्रतिमा लगी है। गुरुवार भोर अचानक प्रतिमा जलने लगी।
पड़ोस की बस्ती के लोगों ने किसी तरह लपटों पर काबू पाया। उधर, खबर पाकर कई बसपा नेता भी पहुंच गए। इसके बाद सैकड़ों की तादात में लोग कोतवाली पहुंचे और कड़ा विरोध जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
बसपाईयों ने आक्रोशित होकर कराया केस दर्ज
पूर्व बिसवां विधायक निर्मल वर्मा, बसपा जिलाध्यक्ष राममूर्ति मधुकर, मौलाना अनवार हुसैन, बिसवां के अंबेडकर सेवा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने कोतवाली में बिसवां के झझर निवासी रिंकू के खिलाफ केस दर्ज करने की तहरीर दी।
आरोप लगाया कि जिस दिन अंबेडकर जयंती थी, उस दिन रिंकू ने क्षेत्र के राजकुमार को जयंती पर कार्यक्रम न करने की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए थे। प्रशासन की ओर से आननफानन प्रतिमा को पेंट कराकर दुरुस्त करा दिया गया, जिसके बाद लोग शांत हुए।
इंस्पेक्टर अमर सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं देर शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।