अमर उजाला अवध कोरोना योद्धा सम्मान 2020: कोरोना की चुनौती का हर वर्ग ने डटकर किया मुकाबला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना संक्रमण काल के चुनौतीपूर्ण समय में भी परिवार की चिंता किए बिना, दिन-रात एक कर मरीजों की सेवा में लगे और शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने वाले कोरोना योद्धाओं का सोमवार को अमर उजाला की ओर से गोमती नगर स्थित होटल रेनेसां में सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने सभी का बुके व मोमेंटो देकर सम्मान किया।
उन्होंने कहा कि चीन में जब कोरोना के आने की सूचना मिली थी तो किसी ने नहीं सोचा था कि ये इतनी भयानक रूप लेगी। लखनऊ के लोगों व डॉक्टरों ने इसका डटकर मुकाबला किया। जब मजदूर, श्रमिक हजारों किलोमीटर दूर से पैदल चला आ रहा था, तब सीएम योगी आदित्यनाथ ने बेहतर आपदा मैनेजमेंट किया।
राजधानी के लोगों ने भी खुले दिल से सहयोग किया। कोरोना की चुनौती को हर वर्ग ने स्वीकारा और आज इसी वजह से स्थिति काफी सामान्य हुई है। इसके प्रकोप को कम करने के लिए डॉक्टरों ने 16-18 घंटे ड्यूटी की है। निजी क्षेत्र के अस्पताल भी आगे आए। यहां के डॉक्टर अन्य जिलों में भी गए। खुद भी कोरोना की चपेट में आये, लेकिन उनका हौसला कम नहीं हुआ।
डॉ. शर्मा ने अमर उजाला को भी धन्यवाद दिया कि सामाजिक क्षेत्र में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। यह सम्मान कार्यक्रम आयोजित। अन्य लोग इससे प्रेरित होंगे। डॉक्टर व शिक्षाविद संकट के समय में आत्मसंयम व आत्मगौरव से काम करने के लिए प्रेरित होंगे।
अमर उजाला ने कोरोना काल में अखबार को सेनेटाइज कर हर व्यक्ति तक सुरक्षित अखबार पहुंचाया। यह भी चुनौतीपूर्ण काम था। उन्होंने सभी को कोरोना से लड़ाई में योगदान के लिए बधाई दी। सम्मानित होने वालों में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. डीएस नेगी, डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भुवन चंद्र, केजीएमयू में पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. राम मनोहर लोहिया सस्थान के एमएस डॉ. विक्रम सिंह, रेस्पिरेटरी मेडिसिन केजीएमयू के विभागाध्यक्ष प्रो. सूर्यकांत समेत 16 कोरोना योद्धा शामिल रहे।
सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
सम्मान समारोह के बाद सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया। जिसमें बैंड की प्रस्तुति हुई। गायक आनंद स्वरूप त्रिपाठी ने गीतों के माध्यम से खूब तालियां बटोरी। उनके साथ प्रखर व सागर ने संगत की।
यूपी बोर्ड परीक्षा मार्च-अप्रैल में, तिथियों की घोषणा जल्द
उप-मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा है कि यूपी बोर्ड परीक्षाएं मार्च-अप्रैल में आयोजित की जाएंगी। पंचायत चुनाव को देखते हुए जल्द तिथि तय करेंगे। अमर उजाला अवध कोरोना योद्धा सम्मान 2020 के मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी कम चुनौती नहीं थी। कोर्स पूरा कर परीक्षा व रिजल्ट कैसे दें इसकी चुनौती भी थी। फिर भी हमने समय से परीक्षा करवाकर 56 लाख स्टूडेंट्स का परिणाम दिया। क्लास का भी गैप नहीं होने पाया। कोरोना काल में हाईस्कूल से इंटर तक की ऑनलाइन क्लास चली हैं। विद्यार्थियों को वीडियो लेक्चर दिया है। टेक्नोलॉजी का बेहतर प्रयोग किया है। कोरोना के कार्यकाल में चुनौती को स्वीकार किया और इस पर काम कर पठन-पाठन बाधित नहीं होने दिया।