अमर पर बोले आजम, जमादार को कूड़ा ही दिखता है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व सांसद अमर सिंह का कहना है कि आजम उनके बड़े भाई हैं। अगर वह मुझे कूड़ा-करकट समझते हैं तो मै हूं लेकिन कोयले की खान से जौहरी हीरा निकालकर उसे तराशता है जबकि जमादार को सिर्फ कूड़ा ही नजर आता है।
हालांकि उन्होंने साफ किया कि यह वह आजम खां के लिए नहीं कह रहे हैं बल्कि प्रकृति की बात कर रहे हैं। अमर सिंह ने साफ किया कि वह राज्यसभा की होड़ में कत्तई शामिल नहीं हैं। आजम ने उन्हें दो बार राज्यसभा भेजने की बात कही है। उन्हें सुधार कर लेना चाहिए।
वह तीन बार राज्यसभा सदस्य रहे हैं और तीनों बार मुलायम सिंह ने ही उन्हें राज्यसभा भेजा था जिसके लिए वह उनके कृतज्ञ हैं।
मुलायम के जन्मदिन पर आजम द्वारा कूड़ा-करकट बताए जाने पर जब ‘अमर उजाला’ ने फोन पर अमर सिंह से उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही तो पूर्व सपा नेता ने कहा कि आजम उनके बड़े भाई हैं और उन्होंने जो कहा उस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। कुरेदने पर अमर ने कहा ‘जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन तैसी।’
कोयले की खदान में से जौहरी हीरा निकालकर उसे तराश देता है लेकिन जमादार को केवल कूड़ा ही दिखता है और वह उसी की सफाई करता है। जिसकी जैसी प्रकृति होगी वह वैसा ही व्यवहार करेगा।
'आजम खां के बारे मे कुछ नहीं कहना चाहता'
अमर सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन था और मै वहां गया था। जब भी उनके यहां कोई व्यक्तिगत कार्यक्रम होगा तो जाऊंगा क्योंकि उनसे हमारे व्यक्तिगत रिश्ते हैं। जहां तक आजम खां ने राज्यसभा के लिए होड़ में शामिल होने की बात कही है तो मै इसमें शामिल नहीं हूं। आजम खां के बारे में वह बहुत ज्यादा कुछ कहना चाहते भी नहीं।
कोई जबरदस्ती घुस आए तो क्या करें : आजम
आजम खां ने लगातार दूसरे दिन अमर सिंह को निशाने पर लिया। सैफई में मुलायम सिंह के जन्मदिन समारोह में उनकी मौजूदगी पर कहा, वहां हजारों लोग थे, कोई जबरन घुस आए तो क्या करें।
उन्होंने कहा, राज्यसभा सीट के लिए अमर सिंह, नेताजी को बहकाने की कोशिश कर रहे हैं। आजम ने कहा, यदि अमर पार्टी में शामिल हुए तो वह अत्यंत खराब दिन होगा। सैफई में समय से पहले केक काटे जाने को उन्होंने अपने खिलाफ साजिश बताया।
कहा, मैने रामपुर में नेताजी की सालगिरह आधी रात को सही वक्त पर केक काटकर मनाई थी। उन्होंने अमर सिंह को धोखेबाज भी बताया। गौरतलब है कि रविवार को आजम ने अमर सिंह की सपा में वापसी से जुड़े सवाल पर कहा था, जब तूफान आता हैं तो कूड़ा करकट भी आ जाता है।