लखनऊ विश्वविद्यालय में बवाल पर वीसी और डीजीपी हाईकोर्ट में तलब, सीओ हटे, चौकी इंचार्ज सस्पेंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय में बुधवार को हुई गुंडागर्दी और अराजकता पर हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने स्वत: संज्ञान लेते हुए सख्त रुख दिखाया। अदालत ने डीजीपी, कुलपति, प्रॉक्टर, रजिस्ट्रार और एसएसपी को अदालत में शुक्रवार को तलब किया है।
वहीं शिकायत के बावजूद लापरवाही पर डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने पुलिस अफसरों को तलब करके फटकार लगाई। क्षेत्राधिकारी महानगर अनुराग सिंह को गैर जिला स्थानांतरित करने के आदेश दिए। डीजीपी ने आईजी रेंज सुजीत पांडेय को मामले की जांच सौंप दी। वहीं विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी पंकज मिश्रा को निलंबित कर दिया गया।
हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने समस्त हालात का स्वत: संज्ञान लिया और प्रकरण को ‘लखनऊ विश्वविद्यालय में वहशत’ नाम से जनहित याचिका के तौर पर दर्ज किया।
अदालत की तल्ख टिप्पणी
कैंपस में घुसकर वीसी पर हमला... ऐसा दुस्साहस, इतनी धृष्टता... पुलिस क्या कर रही थी
यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है कि विश्वविद्यालय से निकाले गए विद्यार्थियों में इतना दुस्साहस और धृष्टता कि वे विवि परिसर में घुसकर हिंसा फैलाने का प्रयास करते हैं। वीसी, शिक्षकों व अन्य स्टाफ पर हमला करते हैं।
डीजीपी बताएं हिंसा की आशंका जताए जाने के बाद क्या किया?
अदालत ने डीजीपी और लखनऊ एसएसपी को भी तलब किया गया है। वे बताएंगे कि जब विवि प्रशासन ने हिंसा की आशंका जता दी थी तो उसके बाद और घटना के बाद पुलिस ने क्या क्या कदम उठाए?
एक्शन में आई पुलिस....दो उपद्रवी छात्र गिरफ्तार
पुलिस ने महमूदाबाद छात्रावास में छापा मारकर उपद्रवी छात्र अंकित बाबू और आयुष मिश्रा को गिरफ्तार किया है। बवाल में आशीष मिश्रा उर्फ बॉक्सर को बुधवार को ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
शिक्षकों में आक्रोश...विश्वविद्यालय में सन्नाटा
कुलपति और शिक्षकों पर हमले को लेकर शिक्षकों में जबर्दस्त आक्रोश दिखा। बृहस्पतिवार को शिक्षकों ने परिसर में मार्च निकालकर विरोध जताया। मार्च के बाद परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। काउंसलिंग स्थगित होने की सूचना न पाने वाले अभ्यर्थी छिटपुट आते-जाते जरूर नजर आए।
आज फिर आपात बैठक
लखनऊ यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन ने चौकी इंचार्ज को निलंबित करने तथा सीओ महानगर का तबादला अन्य जनपद में होने के बाद कार्य बहिष्कार वापसी पर विचार करने की बात कही है। इसको लेकर लूटा ने शुक्रवार को एक बार फिर से आम सभा की बैठक बुलाई है। बैठक में कार्य बहिष्कार समाप्त करने पर विचार किया जाएगा।