इस महीने यूपी को विकास की कई सौगातें देंगे सीएम अखिलेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस महीने सूबे की जनता को कई बड़ी सौगात दे देंगे। मुख्यमंत्री के डवलपमेंट चेहरे वाली कई बड़ी परियोजनाएं या तो पूरी हो गई हैं या पूरी होने वाली हैं। इनमें करीब आधा दर्जन बड़ी परियोजनाओं के शुभारंभ के लिए अलग-अलग समय की मांग की गई है।
शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता दिसंबर में लागू होने की पूरी संभावना है। ऐसे में जो प्रोजेक्ट पूरे हो गए हैं उसके उद्घाटन की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
मुख्यमंत्री को विभिन्न परियोजनाओं के पूरा होने की जानकारी देते हुए उद्घाटन के लिए समय की मांग की जा रही है। पुलिस आधुनिकीकरण के लिहाज से महत्वाकांक्षी स्कीम यूपी-100 व 302 किलोमीटर लंबे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री ने समय दे दिया है। यूपी-100 का शुभारंभ 19 नवंबर को होगा।
मुलायम के जन्मदिन पर मिलेगा एक्सप्रेस वे का तोहफा
एक्सप्रेस वे सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के एक दिन पहले 21 नवंबर को जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
इसके अलावा आईटी सिटी स्थित एचसीएल का ट्रेनिंग सेंटर भी बनकर तैयार है। इसी महीने 5000 युवाओं की ट्रेनिंग इस परिसर में शुरू हो जाएगी।
अभी इनका प्रशिक्षण आईटी सिटी के बाहर हो रहा है। सीजी सिटी में तेजी से आगे बढ़ रही परियोजनाओं में यह पहली होगी, जो उपयोग में आ जाएगी।
लायन सफारी व क्रिकेट स्टेडियम का भी उद्घाटन
मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार आलोक रंजन ने बताया कि राजधानी स्थित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और इटावा लायन सफारी भी तैयार है। इसी महीने इसके उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है।
उन्होंने बताया कि गोमती चैनलाइजेशन के अंतर्गत एक हिस्से का काम पूरा हो चुका है। इस हिस्से को जनता के लिए खोलने की तैयारी है। इसके लिए भी मुख्यमंत्री से समय की मांग की गई है।
रंजन ने बताया कि लखनऊ मेट्रो के ट्रायल के लिए रेल डिब्बे इसी महीने आ जाएंगे। यह बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। एक दिसंबर से ट्रायल शुरू हो जाएगा। सीजी सिटी स्थित कैंसर हास्पिटल की ओपीडी अगले महीने शुरू हो जाएगी। इसके लिए तेजी से काम चल रहा है।