नाराज अखिलेश ने पूछा, कौन है हेमामालिनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अच्छे दिन लाने वाले झूला झूल रहे हैं। उनके बारे में अभी कुछ नहीं कहूंगा। वस्त्र बदल कर राजनीति बदलने की कोशिश करने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। सभी इस बार हार गए हैं।
जो घूम रहे थे, उनको भी समाजवादी जनता ने आइना दिखा दिया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को केजीएमयू में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों पर कटाक्ष करते हुए ये बातें कहीं।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और छात्र-छात्राओं से कहा कि जब मुझे केजीएमयू का निमंत्रण मिला तो सोचा था कि जाऊंगा तो उत्तर प्रदेश में उपचुनाव का परिणाम क्या होगा। जनता का धन्यवाद, समाजवादियों को मौका दिया। मीडिया को भी धन्यवाद, क्योंकि जीतो तो उनके लिखने का तरीका बदल जाता है। हार जाओ तो तरीका अलग होता है।
वहीं, अखिलेश ने मथुरा की सांसद हेमामालिनी के विधवाओं पर दिए गए बयान पर बेहद तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा यूपी में कोई भी कहीं रह सकता है।
समाज को बांटने वाले लोग सक्रिय
अखिलेश बोले कि आज अच्छे दिनों में हम आपके बीच हैं और अच्छे दिन लाने वाले झूला झूल रहे हैं। इसलिए अभी उन पर कुछ नहीं कहूंगा।
उन्होंने कहा कि अमीर हो या गरीब बीमारी सबको एक सी हो रही है और उसका इलाज भी एक सा हो रहा है। ये दो जगह ऐसी हैं, जहां समाजवाद है। जल्द ही और जगह भी आ जाएगा। लेकिन जाति-धर्म जैसी तमाम ऐसी पुरानी बीमारियां हैं जिन्हें दूर नहीं किया जा रहा है।
उपचुनाव में जीत से उत्साहित अखिलेश बोले कि जहां एसएमएस से खाना मंगाया जा रहा है, वहीं लाउडस्पीकर के लिए लोग लड़ रहे हैं। जिसे किसी भी धर्म की पूजा करनी है, कहीं भी जाओ। लेकिन कुछ ताकतें समाज को बांटना चाहती हैं। ज्यादा समझदार लोग कहीं कहीं इन चीजों में आगे हैं। इसलिए ऐसे लोगों से बचें।
राजनीति में न आएं पर मदद करें
मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वो राजनीति में न आएं। मुजफ्फरनगर के मामले और अन्य घटना के बाद उन्होंने पूछा था कि लोग डॉक्टर के पास जाति-धर्म पूछकर तो इलाज के लिए नहीं जाते हैं।
पता चला कि नहीं, इलाज किसी से भी इलाज करा लेते हैं। इसलिए आप राजनीति में न आएं, लेकिन राजनीति की मदद जरूर करें।
कभी-कभी मुद्दा पता नहीं होता है लेकिन कैंडल लेकर निकलते हैं, इससे बचें। केजीएमयू को जो चाहिए होगा, वो सरकार पूरा करेगी।
कार्यक्रम में चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, राजनीतिक पेंशन मंत्री राजेंद्र चौधरी, अपर महाधिवक्ता गौरव भाटिया, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा बीएस भुल्लर भी मौजूद थे।
कोई भी रह सकता है यूपी में
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि वृंदावन में रहने वाली विधवा महिलाओं को अपने प्रदेश में जाने की सलाह देने वाली हेमामालिनी कौन हैं। यूपी में कोई भी रह सकता है।
वहीं चीन के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा को उन्होंने अच्छा कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे दोनों देशों के बीच आपसी सद्भाव बनेगा और विकास का रास्ता खुलेगा। लेकिन विदेश नीति इस बात को ध्यान में रखकर बनानी चाहिए कि एक तरफ तो दोस्ती का हाथ बढ़ाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सीमा पर घुसपैठ भी हो रही है।
इसके पीछे आखिर मंशा क्या है। भाकियू के दिल्ली का पानी रोकने के आंदोलन को उन्होंने गलत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी रोकना है तो बिहार में जाकर रोकें, जहां उससे नुकसान हो रहा है।