अखिलेश बोले, नए निवेशकों को लाने में भाजपा सरकार नाकाम, विकास के नाम पर सिर्फ तमाशा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार प्रदेश में नए निवेशकों को लाने में नाकाम साबित हुई है। विकास के नाम पर सिर्फ खेल-तमाशा किया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि एक वर्ष के भीतर निवेश प्रोत्साहन के नाम पर रविवार को तीसरा आयोजन होने जा रहा है।
सरकार बार-बार उन्हीं निवेशकों का नाम ले रही है जो समाजवादी सरकार में पूंजी निवेश के लिए आए थे। इनके द्वारा स्थापित उद्योग ही अब तक चल रहे हैं। एचसीएल, मेदांता ग्रुप, अमूल प्लांट, आईटी हब को प्रदेश में लाने का श्रेय सपा सरकार को ही जाता है। भाजपा सरकार के पहले आयोजनों से न नया निवेश आया और न ही नए उद्योग लगे।
उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री बातें बड़ी-बड़ी करते हैं, लेकिन हकीकत में भाजपा सरकार में निवेशकों को उपेक्षा का शिकार होना पड़ रहा है। सरकार की इंटीग्रेटेड टाउनशिप के तहत जिन डवलपर्स ने अपने प्रोजेक्ट प्लान कर रखे हैं, उनकी डीपीआर महीनों से मंजूर न किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
अफसरशाही के रवैये से निराशा
सपा अध्यक्ष ने कहा, अफसरशाही के रवैये से निवेशक निराश हैं। मुख्यमंत्री वन ट्रिलियन डालर इकोनॉमी का सपना दिखाते हैं, लेकिन हालात यह है कि प्रदेश में न तो कानून व्यवस्था ठीक है और न ही उद्योगों के लिए अनुकूल अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध हैं। बिजली संकट बरकरार हैं। इसके बावजूद बिजली दरों में भारी इजाफा होने जा रहा है।
आउटर रिंग रोड पर 14 किमी सड़क 18 जगह धंसी
अखिलेश ने कहा केंद्रीय रक्षामंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट लखनऊ आउटर रिंग में चार महीने पहले बनी 14 किमी की सड़क 18 जगह धंस गई। सड़कों को गड्ढामुक्त करने की योजना भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। जब बिजली, पानी, सड़क के साथ सुरक्षा का भी अभाव होगा तो कौन निवेशक प्रदेश में उद्योग लगाने आएगा ?