यूपी के हर जिले की अपनी अर्थव्यवस्था : अखिलेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मानना है कि सपा सरकार ने प्रदेश को अलग पहचान दिलाई है। यूपी विकास की राह पर बढ़ता सबसे तेज प्रदेश है। अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रगति मैदान में यूपी पवेलियन के उद्घाटन के बाद मीडिया से ये बातें कहीं।
अखिलेश यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश के हर जिले की अपनी अर्थव्यवस्था है। मेरठ बल्ले (खेल का सामान) बनाने में अव्वल है तो अलीगढ़ के ताले। मुरादाबाद की मूर्तियां और फिरोजाबाद की चूड़ियों की हर जगह मांग है। भदोही का कालीन देश-दुनिया में मशहूर है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भारत के हस्तशिल्प निर्यात में यूपी का हिस्सा करीब 40 फीसदी है।
वहीं, मंडियों के विकास पर निवेश हो रहा है। दिल्ली हाट की तर्ज पर नोएडा हाट व लखनऊ हाट बन रहे हैं। इसके अलावा लखनऊ मेट्रो पर देश भर में सबसे तेजी से काम हो रहा है।
आगरा व जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बनेंगे
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के लिए किसानों की मर्जी से जमीन का अधिग्रहण किया गया। वहीं, अगर केंद्र सरकार ने सहयोग किया तो आगरा व जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बनेंगे।
उन्होंने बताया कि सपाइयों ने यूपी को अलग पहचान दिलाई है। गेहूं में यूपी पंजाब से आगे है जबकि दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में गुजरात से आगे है। यूपी फिलहाल रोजाना 2.60 लाख लीटर दूध का अतिरिक्त उत्पादन करता है। प्रदेश में मदर डेयरी व अमूल के प्लांट लग रहे हैं।
यूपी पवेलियन के बारे में अखिलेश यादव ने कहा कि मेले में पहली बार आया हूं। वक्त की कमी से सारे स्टाल देखना संभव नहीं हो सका। फिर भी, कई कारीगरों से बात हुई। यूपी पवेलियन में प्रदेश की आर्थिक व सांस्कृतिक विविधता साफ झलकती है।