बसपा से गठबंधन पर तैयार अखिलेश, EVM की गड़बड़ियों पर भी आयोग से मांगा जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बसपा के गठबंधन पर सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि हमने चुनाव परिणाम आने से पहले ही कह दिया था कि हम गठबंधन के लिए तैयार हैं।
अखिलेश यादव ने सपा कार्यालय में पार्टी के सदस्यता अभियान के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा, देश में जहां-जहां संगठन हैं वहां सदस्यता अभियान होगा। दो महीने सदस्यता कार्यक्रम चलेगा। कोशिश होगी हर वर्ग तक पार्टी पहुंचे।
ये सदस्यता अभियान घरों तक ले जाया जाएगा, इसी बहाने सपा के पांच वर्षों में हुए काम भी बताने को मिलेगा। जनता के साथ बैठेंगे और बातचीत करेंगे। सदस्यता का काम पर्ची काटकर करेंगे। मिसकॉल और सोशल मीडिया के जरिए लोगों से जुड़ने का काम किया जाएगा। इस दौरान अखिलेश ने कहा कि झूठ के खिलाफ हम किसी से भी गठबंधन करने को तैयार हैं।
अखिलेश यादव ने कहा, हमने प्रत्याशियों से मुलाकात की तो पता चला कि जनता को धोखा देकर सरकार बनाई गई है। जाति और धर्म के नाम पर बरगलाया गया। वहीं ईवीएम में शिकायत की खबरें भी आईं। लोगों ने वोट दिए तो उन्हें पता ही नहीं चला।
इलेक्शन कमीशन हमें जवाब दे कि ऐसा क्यों हुआ। हम तो शिकायत कर रहे हैं सॉफ्टवेयर में कभी भी समस्या आ सकती है। जैसे अभी सैमसंग के फोन में भी हुआ था। ईवीएम मशीन है और मशीन पर कोई भरोसा नहीं कर सकता है। जब आपके अधिकारी कह रहे हैं कि कैलिब्रेशन में गड़बड़ हो सकती है तो हम कैसे भरोसा कर लें।
हमें बैलेट पर भरोसा
अखिलेश बोले, गरीब आज भी कह रहा है कि हमने वोट आपको दिया है पर हमारा वोट कहां गया? टेक्नोलॉजी से कैसे खेला जा सकता है ये तो टेक्नोलॉजी वाले ही बता सकते हैं। हम जानना चाहते हैं कि सॉफ्टवेयर कौन बना रहा है। हम नहीं कहते हैं कि ईवीएम अच्छी है या खराब है पर हमें बैलट पर ही भरोसा है।
अभी कन्नौज से खबर आई थी कि बीजेपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मारा पर असलियत ये थी कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस को मारा था।
अखिलेश ने कहा, कानून व्यवस्था पर हम क्या बोलें। लोगों को जिंदा जलाया जा रहा है। बच्चों के साथ दुराचार हो रहा है। हमारी सरकार पर उंगली उठाई जाती थी अब कहां है आपकी कानून व्यवस्था?
इस दौरान अखिलेश ने कहा, सुना है यूपी में एक रंग के अंगौछे बहुत बिक रहे हैं। खाना, भाषा और कपड़े राष्ट्रवाद तय नहीं करते। ये तो हमें हिंदू नहीं मानते, हमें सात रंग के कुर्ते सिलवाने पड़ेंगे। एंटी रोमियो के चक्कर में कितने बेगुनाह पिट रहे हैं, रोमियो की असली कहानी तो बता देते।
देखें वीडियो, प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश