अखिलेश ने ली चुटकी, बोले- धन्यवाद श्रीराम का, ताज के गेट पर झाड़ू लगाने पहुंचे योगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा दौरे पर खूब चुटकी ली। कहा, धन्यवाद भगवान श्रीराम का, जो लोग अब तक ताजमहल को संस्कृति और धरोहर का हिस्सा नहीं मानते थे, वह उसके गेट पर झाड़ू लगाने पहुंच गए। भगवान राम की कृपा से ही यह बदलाव हुआ है। जरूर केंद्र सरकार का दबाव रहा होगा जो सीएम आगरा गए।
अखिलेश यादव सपा के प्रदेश कार्यालय में बसपा, कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल के कई नेताओं को सपा में शामिल करने के बाद मीडिया से मुखातिब थे। आगरा के पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ जो आप लोग लखनऊ आ गए वरना ताजमहल के पश्चिमी गेट पर झाड़ू लगानी पड़ती, घरों में कैद होना पड़ता।
विदेशी युगल से छेड़छाड़, कहां है एंटी रोमियो दस्ता
अखिलेश ने फतेहपुर सीकरी में विदेशी युगल के साथ मारपीट-छेड़छाड़ की घटना की कड़ी निंदा की और सरकार से पूछा कि एंटी रोमियो स्क्वॉयड कहां है। उन्होंने आरोप लगाया कि छेड़खानी करने वाले भाजपा से जुड़े हैं।
कहा, ताज में कुछ लोगों ने नारेबाजी-मंत्रोच्चारण किया, पुलिस और सीआईएसएफ क्या कर रही थी? सरकार में हिम्मत है तो ताज को वर्ल्ड हैरिटेज की सूची से हटवा दे। मुख्यमंत्री के अयोध्या, चित्रकूट दौरे मूलभूत समस्याओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए हो रहे हैं।
ये प्रमुख नेता हुए सपा में शामिल
आगरा से बसपा के पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा, मुजफ्फरनगर से रालोद की पूर्व विधायक मिथलेश पाल, रालोद के महासचिव रहे ताराचंद्र शास्त्री (मेरठ), बसपा नेता व पूर्व एमएलसी मनीष जायसवाल (बस्ती), कांग्रेस नेता वंदना राकेश शुक्ला (फतेहपुर), मुजफ्फरनगर से बसपा के पूर्व प्रत्याशी राकेश शर्मा समेत बसपा-कांग्रेस के कई कार्यकर्ता सपा में शामिल हो गए।