खुशखबरी अब सिर्फ 5 लाख में मिलेगा फ्लैट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोमतीनगर विस्तार में जल्द ही 500 गरीब आवासों की स्कीम लॉन्च होगी। इंटीग्रेटेड टाउनशिप में बनाए जाने वाले ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की कीमत 5 लाख और एलआईजी श्रेणी के आवासों की कीमत 11 लाख रुपये होगी।
इस योजना में आवेदन करने के लिए आय प्रमाण पत्र और आवास न होने का शपथ पत्र देना होगा। स्कीम लॉन्च करने और आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।
महीने भर तक आवेदन प्रक्रिया चलेगी, उसके बाद इसके लिए एलडीए लॉटरी करवाएगा। गोमतीनगर विस्तार में इमारत एमजीएफ की इंटीग्रेटेड टाउनशिप शहीद पथ के पास है।
की जा रही है इन आवासों की लांचिंग
यहां गरीब आवासों की लॉन्चिंग का इंतजार लंबे समय से था। एलडीए अफसरों का कहना है कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता को देखते हुए इन आवासों की लॉन्चिंग की जा रही है।
ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का बिल्टअप एरिया 27.78 वर्ग मीटर होगा, जबकि एलआईजी फ्लैट 40.04 वर्ग मीटर एरिया में बनाए जाएंगे।
ईडब्ल्यूएस के लिए सालाना 1.20 लाख और एलआईजी के लिए 2 लाख रुपये वार्षिक आय वाले लोग ही आवेदन कर सकेंगे।
इससे अधिक आय सीमा वाले लोग इन आवासों के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। 250 एलआईजी और 250 ईडब्ल्यूएस आवास बनाए जाएंगे।
एलआईजी फ्लैटों के पंजीकरण फार्म मुंशीपुलिया स्थित एक्सिस बैंक से लोग जल्द ही प्राप्त कर सकेंगे। इन फ्लैटों को भूकंपरोधी तकनीक से बनाया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों के लिए पार्क भी बनाया जाएगा।
खनन की मांगी अनुमति
मुख्य वास्तुविद एसके जैन ने बताया कि नया सवेरा में बजट के लिए अनुमति मिलने के बाद निर्माण शुरू कराने की तैयारी कर ली गई है। कमता में खोदाई का काम शुरू हो गया है।
वहीं औरंगाबाद और पारा की साइटों पर खुदाई के लिए खनन की अनुमति जिला प्रशासन से मांगी गई है। यह अनुमति मिलने के बाद इन दोनों साइटों पर भी नए वित्तीय वर्ष (2016-17, एक अप्रेल से शुरू) में काम शुरू करा दिया जाएगा।
नगर निगम की महत्वाकांक्षी रिहायशी और कॉमर्शियल योजना पर जल्द काम शुरू होगा। 450 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को नगर विकास विभाग की हरी झंडी मिल गई है। पांच प्रोजेक्ट नगर निगम को शुरू करने हैं।
प्रोजेक्ट की लागत 450 करोड़ रुपये
इसमें से कमता में निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये नगर निगम को मिल भी गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक,योजना में करीब 100 करोड़ रुपये और स्वीकृत हो चुके हैं। वित्त विभाग की अनुमति के बाद बाकी पैसा भी नगर निगम को मिल जाएगा।
प्रोजेक्ट से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि पारा, रायबरेली रोड और फैजाबाद रोड पर नगर निगम को पांच साइट पर कॉमर्शियल और रिहाइशी प्रोजेक्ट का निर्माण करना है।
एलडीए की तर्ज पर नगर निगम यहां फ्लैट, डुपलेक्स और कॉमर्शियल यूनिट बनाकर बेचेगा। इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत करीब 450 करोड़ रुपये अनुमानित है।
नगर विकास विभाग से इन प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए नया सवेरा योजना के तहत बजट मांगा गया था। इस प्रस्ताव को नगर विकास विभाग ने स्वीकृत कर लिया है।
मौजूदा वित्तीय सत्र में उपलब्ध बजट में से विभाग ने दो करोड़ रुपये फैजाबाद रोड स्थित कमता साइट के लिए रिलीज कर दिए है। वहीं दूसरी साइटों के लिए अगले वित्तीय वर्ष में बजट रिलीज हो जाएगा।