गंदे ATM से पैसे निकालने पर हो सकते हैं साइबर जालसाजी के शिकार, लखनऊ SSP ने दिए ये सुझाव
साइबर जालसाजी से बचने के लिए लखनऊ एसएसपी ने एडवाइजरी में सतर्क रहने व कुछ उपाय अपनाने की सलाह दी है। गंदे व खस्ताहाल बूथ में एटीएम से रकम निकालने से बचें, क्योंकि वहां फर्जी मशीन का सेटअप करके कार्ड का डाटा चुराया जा सकता है। असामान्य संकेत देने वाली एटीएम का इस्तेमाल न करें।
कोई मशीन पिन कमांड दो बार मांगे या की-पैड ढीला या खराब दिखाई दे, तो जालसाज द्वारा छेड़छाड़ की गई हो सकती है। एटीएम में पिन नंबर दर्ज करने के दौरान की-पैड अच्छी तरह से ढंक लें, ताकि गोपनीय जानकारी किसी कैमरे में न जा सके।
- ऐसे एटीएम बूथ में जाएं जहां सुरक्षाकर्मी तैनात हो। एटीएम का इस्तेमाल खुद ही करें। कोई समस्या आने पर अपरिचित की मदद कतई न लें। भले ही वह खुद आपकी सहायता करना चाहता हो।
- ई-शॉपिंग के लिए सुरक्षित वेबसाइटों का ही इस्तेमाल करें जो कि ब्राउजर बॉक्स में लॉक साइन प्रदर्शित होता है, यानी https protocol लगा हो, इसमें s का तात्पर्य सिक्योर है।
- कंप्यूटर व स्मार्टफोन में एंटीवाइरस डाउनलोड करने के साथ उसे अपडेट करते रहें। इससे वाइरस व मालवेयर से बचाव किया जा सकता है। आइडेंटिटी थेप्ट डेटेक्शन एप इंस्टाल कर सकते हैं।
ये भी ध्यान रखें
- डेबिट कार्ड से ई-कामर्स ट्रांजेक्शन न करें, क्योंकि इससे कार्ड की जानकारी साइबर जालसाज तक पहुंचने का खतरा है और वह रकम ट्रांसफर कर सकता है।
- अनसेफ एप डाउनलोड करने से गोपनीय जानकारी चोरी होने का खतरा है।
- सीवीवी नंबर वेबसाइट पर एंटर करने के दौरान छिपा दें। विदेशी वेबसाइटों से शॉपिंग के दौरान सीवीवी नंबर से ही पहचान होती है। हमेशा वरचुअल की-बोर्ड का प्रयोग करके की-स्ट्रोक से बचें।
- सबसे जरूरी है कि बैंक प्रत्येक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन या एटीएम ट्रांजेक्शन के लिए अलर्ट करे। इसके लिए मोबाइल नंबर सक्रिय रखें।
- सोशल मीडिया साइट्स व ऑनलाइन अकाउंट का प्रयोग करने के बाद लॉग आउट करना न भूलें। गोपनीय जानकारी मोबाइल फोन पर सुरक्षित न करें।
- कुछ समय के अंतराल पर पासवर्ड बदलते रहें। इसी तरह प्रीपेड कार्ड का इस्तेमाल करके जालसाजी का शिकार होने से बचा जा सकता है।
ये जानकारियां बिल्कुल भी शेयर न करें
- डेबिट/क्रेडिट कार्ड के पिन, सीवीवी, पासवर्ड किसी को न बताएं और एसएमएस या फोन कॉल, ई-मेल पर गोपनीय जानकारी शेयर न करें।
- बैंक या क्रेडिट कार्ड के स्टेटमेंट को चेक करते रहें और गलत ट्रांजेक्शन पर तत्काल बैंक को सूचना दें।
- शॉपिंग के दौरान सेल्समैन को डेबिट/क्रेडिट कार्ड अपनी नजर से दूर न ले जाने दें, क्योंकि क्लोन बनाए जाने का खतरा रहता है।
पब्लिक वाई-फाई से रहें सतर्क
स्मार्ट फोन से लेनदेन के दौरान पब्लिक वाई-फाई के इस्तेमाल से बचें, क्योंकि पब्लिक वाई-फाई से पासवर्ड व गोपनीय जानकारी चोरी करना काफी आसान है।