शिक्षक भर्ती: मनमानी पर सख्त हुआ शासन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती में बेसिक शिक्षा अधिकारियों की मनमानी पर शासन ने गंभीर रुख अपनाया है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) तथा बेसिक शिक्षा के निदेशक संयुक्त रूप से भर्ती की निगरानी करेंगे।
शासन के निर्देशों के मुताबिक महिला, निशक्त और टॉप मेरिट वालों को तैनाती में वरीयता दी जाएगी। इसके साथ ही जिले की पात्रता सूची में आने वाले सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे जिससे बाद में वे आरोप न लगा सकें कि उन्हें मेरिट में आने के बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं मिला।
सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता ने गुरुवार को एससीईआरटी व बेसिक शिक्षा निदेशक के साथ बैठक में यह निर्देश दिए। शिकायत मिलने पर संबंधित बीएसए के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती में 72,825 पात्रों को नियुक्ति पत्र दिए जाने हैं। एससीईआरटी को मिली सूचना के मुताबिक अब तक करीब 32 हजार पात्रों को ही नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
5 फरवरी तक सभी को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
पहले चरण के बचे हुए पात्र अभ्यर्थियों को यथाशीघ्र तथा दूसरे चरण में 5 फरवरी तक अनिवार्य रूप से नियुक्ति पत्र दिए जाने हैं। इस बीच कई जिलों से शिकायतें मिल रही हैं कि बेसिक शिक्षा अधिकारी मनमानी कर रहे हैं।
वे एससीईआरटी निदेशालय के दिशा-निर्देशों का ठीक से पालन नहीं कर रहे। दूसरे चरण में कुछ जिलों ने रिक्त पदों के आधार पर पात्रों को बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन शिकायतों को देखते हुए सचिव बेसिक शिक्षा ने दोनों निदेशकों की बैठक बुलाई थी। इन्हें निर्देश दिया गया है कि तय समय के अंदर सभी पात्रों को नियुक्ति पत्र जारी किया जाए।
ऐसा न हो कि जो पहुंचे, केवल उसे ही नियुक्ति पत्र दिया जाए। जिले की पात्रता सूची में जितने भी अभ्यर्थी आते हैं, उनके नियुक्ति पत्र तैयार किए जाएं और पहुंचते ही उन्हें दे दिए जाएं।
30 जनवरी तक वेबसाइट पर होगी सूची
वहीं बलरामपुर जिले के प्राथमिक स्कूलों में खाली पदों पर सहायक अध्यापकों की तैनाती में डायट व बेसिक शिक्षा विभाग के लोग पूरी तरह से जुटे हुए हैं। दूसरे चरण में 962 प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटने की कवायद शुरू हो गई है। 30 जनवरी की सुबह तक सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
यह जानकारी देते हुए डायट प्राचार्य जय सिंह ने गुरुवार को बताया कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में दूसरे चरण के प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं।
प्रथम चरण में 1302 के सापेक्ष कुल 340 प्रशिक्षु शिक्षकों ने नियुक्ति पत्र लेकर संबंधित स्कूलों में जॉइन कर लिया है। कट ऑफ मेरिट से जॉइन करने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों की सूची जिले के सभी नौ शिक्षा क्षेत्रों के खंड शिक्षाधिकारियों से प्राप्त कर ली गई है।
प्रथम चरण में नियुक्ति पत्र लेकर स्कूलों में जॉइन करने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों की सूची डायट में उपलब्ध करा दी गई है। सूची के आधार पर डायट में कट ऑफ मेरिट तैयार की जा रही है। गुरुवार देर शाम तक कट ऑफ मेरिट तैयार हो जाएगी। मेरिट 30 जनवरी की सुबह तक जिले की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
होगा शासन के हर आदेश का पालन
प्राथमिक स्कूलों में तैनाती पाने वाले सभी प्रशिक्षु शिक्षक ‘डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट बलरामपुर डाट एनआईसी डाट इन’ पर नाम देख सकते हैं। कट ऑफ मेरिट के आधार पर 31 जनवरी से जिले में प्रशिक्षु शिक्षकों को दूसरे चरण में नियुक्ति पत्र बेसिक शिक्षा कार्यालय में वितरित किया जाएगा।
आगामी पांच फरवरी तक शासन ने प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करके संबंधित स्कूलों में जॉइन कराने का आदेश दिया है। शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा।
अगर सुल्तानपुर जिले की बात करें तो प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में गुरुवार से शुरू होने वाले दूसरे चरण के नियुक्ति पत्र वितरण कार्य में अव्यवस्था भारी पड़ी। विभाग गुरुवार को कट ऑफ मेरिट तक नहीं जारी कर सका।
शुक्रवार की शाम तक कट ऑफ मेरिट जारी होने की संभावना है। ऐसे में शनिवार से नियुक्ति पत्र वितरण का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, डायट प्रशासन का कहना है कि अब तक कितने अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया है उसकी सूची भी बीएसए ने उन्हें उपलब्ध नहीं कराई है।
15 हजार अभ्यर्थियों ने कराई थी काउंसलिंग
जिले में बुधवार को शासन स्तर पर हुई बैठक में गुरुवार से द्वितीय चरण का नियुक्ति पत्र वितरण शुरू करने की सहमति बनी थी। इसके तहत गुरुवार से पांच फरवरी तक द्वितीय चरण चलाए जाने का फरमान जारी किया गया था। द्वितीय चरण के नियुक्ति पत्र वितरण की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश डायट प्रशासन को विभागीय वेबसाइट पर दोपहर बाद मिला।
आनन-फानन में तैयारियां शुरू की गई लेकिन देर शाम तक मेरिट सूची तक नहीं जारी हो सकी। डायट प्रशासन की मानें तो करीब 15 हजार अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग कराई थी। उन सभी के आवेदनों की फीडिंग कराई जा रही है।
डाटा फीडिंग कार्य में शुक्रवार शाम तक का समय लग सकता है। ऐसे में देर शाम तक ही दूसरी मेरिट सूची जारी हो सकती है। वहीं, बीएसए कार्यालय की ओर से गुरुवार की शाम तक डायट को अब तक नियुक्ति पत्र वितरण की सूची तक नहीं उपलब्ध कराई जा सकी है।
जिले में प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत 1400 पद आवंटित हुए हैं। आवंटित पद के मुताबिक 1052 की मेरिट जारी की गई थी। पहले चरण में 407 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। इसमें 226 पुरुष और 181 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
पहली सूची वाले होंगे आउट
डायट के कंप्यूटर एक्सपर्ट वकील अहमद ने बताया कि पहली मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को दूसरी कट ऑफ मेरिट से बाहर कर दिया जाएगा।
जो अभ्यर्थी पहली मेरिट में थे लेकिन नियुक्ति पत्र नहीं लिए हैं उन्हें भी दूसरी सूची से बाहर कर दिया जाएगा। उन्हें फिर से मौका दिया जाए या नहीं, इसके लिए उच्चाधिकारियों के आदेश के क्रम में कार्यवाही की जाएगी।
‘कराई जा रही फीडिंग’
डायट प्राचार्य/डीआईओएस अनूप कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षा से संबंधित विभागीय बैठक के कारण वे बाहर हैं। हालांकि, डायट से संपर्क में बने हैं। उन्हें बताया गया कि एक निर्देश मिला है, जिसमें कुछ भी स्पष्ट नहीं है। उच्चाधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं का निदान किया जा रहा है।
‘देर शाम तक डायट को देंगे सूची’
बीएसए रमेश यादव ने बताया कि पहले चरण में कुल 407 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया है। दो दिन नियुक्ति पत्र वितरण डायट में कराया गया था और उसके बाद बीएसए कार्यालय से नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। देर शाम तक वर्गवार सूची बनाकर डायट को उपलब्ध करा दी जाएगी।