निदा फाजली को मौलाना अबुल कलाम आजाद अवार्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी ने शनिवार को वर्ष 2015 के पुरस्कारों की घोषणा कर दी। इस बार का मौलाना अबुल कलाम आजाद अवार्ड निदा फाजली को मरणोपरांत दिया जाएगा। इसके तहत पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।
डेढ़ लाख रुपये का अमीर खुसरो पुरस्कार यूपी व उत्तराखंड के पूर्व गनर्वर अजीज कुरैशी को दिया जाएगा। पुरस्कारों की घोषणा उर्दू अकादमी के चेयरमैन डॉ. नवाज देवबंदी ने की।
इसके अलावा पांच लोगों को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इनमें शायरी के लिए अजमल सुलतानपुरी, फिक्शन के लिए लखनऊ की मसरूर जहां, शोध एवं समालोचना के लिए लखनऊ के सैयद फजले इमाम रिजवी, बच्चों के साहित्य के लिए रामपुर की किताब माहनामा व हास्य व्यंग्य के लिए मंजूर उस्मानी को चुना गया है। इन्हें एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
नवाज देवबंदी ने बताया कि एक-एक लाख रुपये के डॉ. सुगरा मेहदी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार के लिए दिल्ली के प्रो. अख्तरूल वासे व अलीगढ़ के डॉ. सगीर अफराहीम को चुना गया है।
कुल मिलाकर 168 लोगो को चुना गया
उन्होंने बताया कि छोटे-बड़े मिलाकर कुल 168 लोगों को पुरस्कारों के लिए चुना गया है। इन्हें शीघ्र ही एक समारोह कर उसमें सम्मानित किया जाएगा।
नकद पुरस्कारों के साथ ही इन्हें प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। उन्होंने पुरस्कारों के लिए चयनित होने वालों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनके कलम की रफ्तार इसी तरह बढ़ती रहे।
उन्होंने कहा कि जिनकी किताबों पर उर्दू अकादमी पुरस्कार नहीं दे सकी है इसका अर्थ यह नहीं है कि उन लेखकों की मेहनत बेकार गई। हमारी यह मजबूरी है कि अकादमी को अपने स्वीकृत बजट में रहते हुए निर्णय लेना पड़ता है।
इसके बावजूद इस बार प्राप्त किताबों की संख्या को देखते हुए किताबों पर पुरस्कार की संख्या बढ़ा दी गई है। इसके बावजूद सभी को पुरस्कार देना संभव नहीं है।