यूपी में भाजपा के खिलाफ अभियान चलाएगी आम आदमी पार्टी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी यूपी में चुनाव नहीं लड़ेगी पर भाजपा के खिलाफ अभियान चलाएगी। आप किसी भी पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए राय भी नहीं देगी।
आप हाईकमान का कहना है कि यूपी में भाजपा के खिलाफ अभियान चलाएं पर किसी दल को वोट करने के लिए जनता को राय देने से बचें।
आप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़े उद्योग घरानों से रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। नोटबंदी पर उनका कहना है कि केंद्र की भाजपा सरकार इकट्ठा हुए धन से उद्योगपतियों का कर्ज माफ करना चाहती है।
यूपी में खुद चुनाव लड़ने पर आप ने संसाधनों की कमी का हवाला दिया है, लेकिन आप के अभियान से यह स्पष्ट है कि पार्टी किसी न किसी तरह से यूपी में अपनी मौजूदगी बनाए रखना चाहती है।
इसी नाते पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे चुनाव के दौरान हाथ पर हाथ धरे न बैठें। लोगों के बीच जाएं और उन्हें भाजपा की नीतियों से होने वाले खतरों के प्रति आगाह करें।
किसी भी हद तक जाने का लगाया आरोप
आप हाईकमान का कहना है कि कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएं और बताएं कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वो किसी अन्य पार्टी को वोट करने के लिए मतदाता को सलाह न दें। यह फैसला पूरी तरह उनके विवेक पर छोड़ दें।
सूत्रों के मुताबिक 4 फरवरी को गोवा व पंजाब में मतदान के बाद दूसरे राज्यों से भी कार्यकर्ताओं को यूपी में भाजपा के खिलाफ अभियान चलाने के लिए भेजा जाएगा।
इस पर आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल का कहना है कि हम नोटबंदी के पीछे के भाजपा सरकार और उसके प्रधानमंत्री मोदी के भ्रष्टाचार को लगातार उजागर कर रहे हैं। यूपी के चुनाव में भी मतदाताओं से भाजपा को वोट न देने की अपील कर रहे हैं। किसे वोट देना है, इसका निर्णय स्वयं मतदाता ही करेंगे।