Lucknow: बुजुर्ग के गले पर चाकू रखकर पत्नी से मांगी लॉकअप की चाबी, घर में दंपती को बंधकर बनाकर लूटपाट
ठाकुरगंज में तीन बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की। घर में बुजुर्ग दंपती अकेले रहते थे। पुलिस को सीसीटीवी में लंगड़ाता हुआ एक बदमाश दिखा है।
विस्तार
पुलिसिंग को खुली चुनौती देते हुए ठाकुरगंज के घासमंडी इलाके में सोमवार रात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर चाकू के बल पर बुजुर्ग इफ्तिखार हैदर व उनकी पत्नी शबीना से लूटपाट की। विरोध पर बदमाशों ने मारपीट की। चाकू के बल पर 15 से 20 हजार रुपये, तीन कीमती अंगूठी और दो मोबाइल फोन लूट ले गए। भीड़भाड़ वाले इलाके में लूटपाट की सूचना पर जेसीपी क्राइम सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को पास के ही एक घर से भागते हुए एक बदमाश का फुटेज मिला है।
घासमंडी बाबा बालक दासपुरम इलाके में इफ्तिखार हैदर (66) अपनी पत्नी शबीना (60) के साथ रहते हैं। बेटी का निकाह हो चुका है और बेटा बाहर रहता है। सोमवार रात साढ़े आठ से 9 बजे के बीच इफ्तिखार टीवी देख रहे थे और शबीना नमाज अदा कर रही थीं।
ये भी पढ़ें - बृजभूषण सिंह की बढ़ेंगी मुश्किलें! दिल्ली पुलिस ने घर पहुंचकर दर्ज किए 12 गवाहों के बयान
ये भी पढ़ें - सलोन में स्मृति की सक्रियता से अमेठी-रायबरेली में चढ़ा राजनीतिक पारा, लगाए जा रहे ये कयास
इस बीच तीन नकाबपोश बदमाश चाकू लेकर घर में घुसे और दंपती पर चाकू लगाकर अलमारी के लॉकर की चाबी मांगने लगे। इनकार पर मारपीट करते हुए हत्या की धमकी दी। डरे सहमे दंपती ने चाबी दे दी। लॉकर खाली मिलने पर बदमाश भड़क उठे और इफ्तिखार पर चाकू लगा दिया।
इस बीच बदमाशों की नजर उनकी जेब में रखे रुपये पर पड़ी। नकदी लेने के साथ बदमाशों ने इफ्तिखार के हाथ से सोने, पुखराज और हीरे की तीन अंगूठी छीन लीं। इसके बाद बदमाशों ने दंपती को एक कमरे में ढकेल दिया और उनके दो मोबाइल फोन लेकर भाग निकले।
इसके बाद दंपती ने मदद के लिए शोर मचाया। सूचना पर जेसीपी क्राइम नीलाब्जा चौधरी, डीसीपी वेस्ट राहुल राज सहित अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित के घर के पास सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो एक बदमाश घर से भागता दिखा।
फरवरी में नौकर ने की थी चोरी
सऊदी अरब में एक कंपनी में काम कर चुके बुजुर्ग इफ्तिखार हैदर के मुताबिक, फरवरी में उनके नौकर नूर आलम ने घर में चोरी की थी। इसके बाद उन्होंने उसको हटा तो दिया था, पर घटना की शिकायत पुलिस से नहीं की थी। इस घटना के बाद पीड़ित दंपती ने सारे जेवरात बैंक के लॉकर में रख दिए थे।
पत्नी शबीना पति को न मारने की मिन्नतें करती रही
बदमाशों ने जैसे ही इफ्तिखार के गले पर चाकू लगाया तो शबीना सहम गईं। हाथ जोड़कर पति को छोड़ देने की मिन्नतें की। यही नहीं, उन्होंने बदमाशों को लॉकर की चाबी दे दी और घटना के बारे में भी किसी को कुछ न बताने की बात कही।
एक बदमाश लंगड़ा दिखा, परवेज नाम भी सामने आया
पीड़ित इफ्तिखार के अनुसार, तीनों बदमाशों की उम्र 20 से 25 साल के बीच थी। तीनों के हाथ में नए चाकू थे। दो बदमाश अपने तीसरे साथी को परवेज नाम से पुकार रहे थे। फुटेज खंगाले के दौरान पुलिस को इस बात का पता चला है कि एक बदमाश लंगड़ा रहा था। पुलिस अब पीड़ित के पूर्व नौकर के बारे में पता लगा रही है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में लूट, पुलिसिंग सवालों के घेरे में
ठाकुरगंज के घासमंडी इलाके में देर रात तक भीड़भाड़ रहती है। घनी आबादी वाले इस इलाके में बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की वारदात अंजाम देकर हाईटेक पुलिसिंग पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। सूत्रों का मानना है कि जिस तरह बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बदमाशों को दंपती के अकेले रहने की जानकारी पहले से थी।