सपना आया भाई के घर में दबे हैं हीरे-जवाहरात और सोने चांदी के कई घड़े, दोस्तों से साथ मिलकर खोद डाला मकान
लखनऊ के गोसाईंगंज के निजामपुर में अंधविश्वास की एक मिशाल सामने आई। सपने में हीरे-जवाहरात मिलने की बात पर एक भाई ने अपने दूसरे भाई का घर खोद दिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी भाई हरिराम साहू को उसके चार साथियों संग गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
हरिराम ने पुलिस को बताया कि उसे सपना आया था कि भाई अमरजीत साहू के पुराने घर के आंगन व कमरों में हीरे-जवाहरात, सोने चांदी के जेवरात गड़े हैं। इसकी जानकारी जब अमरजीत साहू को हुई तो उसने विरोध किया।
विरोध पर दोनों में गाली-गलौज हुई तो ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इसके बाद जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हरिराम को गिरफ्तार कर पूछताछ की। एडीसीपी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक गोसाईंगंज धीरेंद्र कुशवाहा ने हरिराम साहू और उसके साथियों को पुलिस गिरफ्तार कर थाने लेकर आई।
थाने में पूछताछ हुई। पूछताछ के दौरन हरिराम साहू ने बताया कि शनिवार रात को उसे सपना आया था कि भाई के पुराने मकान में हीरे-जवाहरात और सोने-चांदी से भरे हुए कई घड़े गड़े हुए हैं। घर की खुदाई की जाए तो यह घड़े उसे मिल जाएंगे।
इसके बाद उसने अपने चार साथियों को यह जानकारी दी और उन्हें लेकर भाई के मकान में पहुंच गया। पांचों ने खुदाई शुरू कर दी। यह जानकारी जब अमरजीत को हुई तो उसने विरोध किया। झगड़ा शुरू हो गया। ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी काई बार हरिराम इस तरह की हरकत कर चुका है।