कार पलटने से हाईकोर्ट के वकील की मौत, 10 फीट नीचे खंती में जा गिरी कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर रविवार दोपहर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आशियाना के एलडीए कॉलोनी निवासी हाईकोर्ट अधिवक्ता संजय दीक्षित (42) की मौत हो गई। हादसे के वक्त वह उन्नाव के हसनगंज स्थित नारायणपुर गांव जा रहे थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस को शव निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने भेजकर परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया। अंतिम संस्कार सोमवार को नारायणपुर किया गया।
लखनऊ उच्च न्यायालय के अधिवक्ता संजय दीक्षित 42 पुत्र रामकुमार दीक्षित वर्तमान में पत्नी बच्चों के साथ लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र के एलडीए कालोनी में रहते थे। रविवार दोपहर वह कार से अकेले पैतृक गांव नारायणपुर जा रहे थे।
स्टेयरिंग के नीचे दबने से हुई मौत
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर तोंदा गांव के पास भीषण कोहरे के चलते रविवार दोपहर 12 बजे आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई और 10 फीट नीचे खंती में जा गिरी।
हादसे में स्टेयरिंग के नीचे दबने से अधिवक्ता की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे एसओ एपी सिंह ने मशक्कत के बाद उन्हें मृत अवस्था में कार से बाहर निकलवाया और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पत्नी मंजुला व अन्य परिवार के लोग शव देख बेहाल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
प्रत्येक रविवार गांव जाते थे
हादसे का शिकार हुए अधिवक्ता संजय दीक्षित दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई धर्मेंद्र दीक्षित गांव में पिता के साथ रहते थे। अधिवक्ता संजय प्रत्येक रविवार लखनऊ से गांव जाते थे और शाम को लखनऊ लौट जाते थे। हादसे के बाद 22 वर्षीय बेटे मनु व 20 वर्षीय बेटी मिनी और पत्नी मंजुला का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं माता लता दीक्षित भी बड़े बेटे की मौत पर बेहाल दिखीं। मृतक के पिता रामकुमार ने कोतवाली में दुघर्टना में मौत होने की तहरीर दी है।