भांजी ने बताईं भाजपा विधायक की करतूतें तो SSP हैरान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के एक विधायक पर उनकी भांजी ने यौन शोषण का आरोप लगाकर सनसनी मचा दी और जब मामला उछला तो उसे दबाने के लिए 20 लाख रुपये का ऑफर दिया। पीड़ित युवती का कहना है कि नौकरी दिलाकर कॅरिअर संवारने के नाम पर मामा उससे अश्लील हरकतें कर रहे थे।
उन्होंने डालीबाग के बहुखंडी आवास में स्थित एक फ्लैट में ले जाकर उससे दुष्कर्म की कोशिश की। शनिवार सुबह से शाम तक हजरतगंज कोतवाली में सीओ और एएसपी पूर्वी के ऑफिस में विधायक व उसकी भांजी सहित अन्य परिवारीजनों को बुलाकर पंचायत करवाई गई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
मामले की जानकारी पाकर एसएसपी मंजिल सैनी ने शाम को दोनों पक्ष को आवास पर बुलाया। यहां पीड़ित युवती ने विधायक की कारगुजारियों की जानकारी दी तो एसएसपी हैरान रह गईं।
युवती ने विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया लेकिन उसकी मां ने घरेलू मामला बताते हुए शिकायत वापस ले ली। उन्होंने किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार करते हुए एक दिन का वक्त मांगा।
युवती अभी भी अपने आरोपों पर कायम
एसएसपी का कहना है कि पीड़िता अगर प्रार्थनापत्र देती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उधर, पीड़ित युवती विधायक पर लगाए गए आरोपों पर कायम है लेकिन उसकी मां की वजह से दबाव में है।
विधायक का कहना है कि वह निर्दोष है और किसी विरोधी ने उसकी बहन व भांजी को जरिया बनाकर उन्हें फर्जी मामले में फंसाने की साजिश रची है।
विधायक बन गया हूं, तुम्हारा भविष्य बना दूंगा
पीड़ित युवती ने बताया कि उसके मामा नौकरी के बहाने बार-बार मिलने की कोशिश करते थे। शपथ ग्रहण के दिन 19 मार्च को उन्होंने नॉवेल्टी सिनेमा के पास बुलाया। वह अपने एक दोस्त के साथ आई थी। विधायक ने भांजी को कहा कि वह उसके साथ चले।
युवती ने कम्प्यूटर खरीदने की बात कहते हुए इन्कार कर दिया। मामा ने कहा कि अब विधायक बन गया हूं, तुम्हारा भविष्य बना दूंगा।
दोस्तों से मुलाकात कराने का दबाव डाला
बहुखंडी आवास में विधायक ने भांजी से कहा कि अपनी दोस्तों से मुलाकात कराओ। युवती ने मना किया तो वह दबाव डालने लगे। इस पर युवती ने कहा कि उसकी बहुत ज्यादा दोस्त नहीं हैं। उसे जाल में न फंसता देख विधायक ने कहा कि तुम मिलने के लिए आती-जाती रहा करो।
उन्होंने यह भी कहा कि कल रात इसी फ्लैट में एक लड़की आई थी जिसे तीन हजार रुपये दिए थे। जब हम दूसरों को रुपये दे सकते हैं तो तुमसे क्या दिक्कत है। तुम तो अपनी हो। पैसा घर पर ही रहेगा। युवती ने मामा की हरकतों की जानकारी अपनी मां को दी थी।
गनर, गाड़ी छोड़ रिक्शा से भांजी से मिलने गए
बकौल पीड़िता, 20 मार्च को मामा ने फिर फोन किया और नॉवेल्टी के पास बुलाया। उन्होंने अपनी कार भाजपा कार्यालय में खड़ी कर दी। गनर को कार में ही छोड़कर वह रिक्शे से नॉवेल्टी पहुंचे।
युवती अपनी कार से आई थी। वह उसकी कार में बैठ गए और बहुखंडी इमारत ले आए। यहां उन्होंने अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दी। इस बीच किसी ने दरवाजा खटखटाया। विधायक ने दरवाजा खोला तो बाहर उनके दो परिचित खड़े थे। युवती इसका फायदा उठाकर वहां से निकल गई।
विधायक ने पुलिस अधिकारियों से दबाव डलवाया
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हजरतगंज कोतवाली में पुलिस अधिकारियों के सामने विधायक ने मामला दबाने के लिए भांजी को 20 लाख रुपये देने की पेशकश की। हालांकि, उसने इन्कार कर दिया। विधायक ने पुलिस अधिकारियों से दबाव डलवाया तब भी युवती नहीं मानी। काफी प्रयास करने के बाद भी बात नहीं बनी तो विधायक पुलिस अधिकारियों के सामने भांजी के पैरों पर गिर पड़े। उन्होंने माफी मांगी लेकिन पीड़िता राजी नहीं हुई।
कार में की थी हाथापाई
युवती ने बताया कि उसके विधायक मामा ने 21 मार्च को फिर फोन कर मिलने के लिए वीमेन पावर लाइन चौराहा 1090 बुलाया। इस बार युवती सतर्क थी इसलिए दो दोस्तों को साथ लेकर आई थी। वह 1090 पहुंची तो विधायक ने डीजीपी कार्यालय के पास बुलवा लिया।
उसने फोन करते ही मदद के लिए पहुंचने की बात कहते हुए दोनों दोस्तों को छोड़ दिया और कार से अकेली डीजीपी कार्यालय आ गई। यहां विधायक अपनी कार छोड़कर युवती के साथ बैठ गए। बहाने से युवती उन्हें 1090 चौराहे ले आई। यहां दोनों ने आइसक्रीम खाई। इसके बाद समतामूलक चौराहा से कार घुमाकर वह वीमेन पावर लाइन के मेन गेट के पास पहुंची। वहां विधायक ने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई और युवती ने दोस्तों को फोन लगा दिया। विधायक ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया हालांकि, तब तक दोस्तों को कॉल लग चुकी थी।
छूटे मोबाइल फोन से खुली पोल
युवती के दोस्तों के मौके पर पहुंचते ही विधायक भागने लगे। इस दौरान उनका मोबाइल फोन कार में गिर गया। विधायक के जाने के बाद उनका मोबाइल फोन युवती के हाथ लग गया।
युवती का कहना है कि मोबाइल फोन में उसके मामा के कई लड़कियों के साथ अंतरंग वीडियो थे। यह वीडियो उसने विधायक के रिश्तेदारों और करीबियों को फारवर्ड करने के साथ ही पेन ड्राइव में भी सुरक्षित रख लिए।
निजी वीडियो वायरल होने से हड़कंप मचा तो दो दिन पहले विधायक ने एसएसपी से मिलकर मोबाइल फोन खोने की सूचना दी। छानबीन में मोबाइल फोन उनकी भांजी के पास से मिल गया।
पुलिस ने भांजी को बुलाकर पूछताछ की तब नौकरी के नाम पर शोषण, छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश की घिनौनी कहानी का खुलासा हुआ। पुलिस सूत्रों का कहना है कि विधायक के निजी वीडियो साइबर सेल के पास हैं जिनकी पड़ताल की जा रही है।