चुनावी ड्यूटी बनी सिपाही की मौत का कारण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ से बिजनौर के लिए चुनाव ड्यूटी पर रवाना हुए एक सिपाही ने रविवार दोपहर सरकारी रायफल से खुद को गोली से उड़ा लिया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ठुड्डी के पास लगी गोली रोडवेज बस की छत को भेदते हुए निकल गई। हालांकि लखनऊ से पहुंचे एसपी प्रोटोकॉल व अन्य पुलिस अफसर घटना को हादसा बता रहे हैं।
सरोजनीनगर थाना लखनऊ में तैनात आरक्षी आजमगढ़ निवासी था। मृतक के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है।
लखनऊ पुलिस लाइंस से रविवार सुबह करीब 43 पुलिस कर्मी टीम इंचार्ज अमर सिंह के नेतृत्व में रोडवेज बस से बिजनौर चुनाव ड्यूटी पर जा रहे थे।
आत्महत्या की आशंका
दोपहर के वक्त सिधौली कोतवाली इलाके के मुकीमपुर गांव के पास हाईवे पर चलती बस के पिछले हिस्से में अचानक गोली चलने की आवाज आई।
गोली लगने से आजमगढ़ जिले के जहानागंज क्षेत्र तदना निवासी सिपाही जगदीश यादव (50) पुत्र शिवराज यादव खून से लथपथ हो तड़पने लगा।
बस में सवार अन्य पुलिसकर्मी जब तक अफसरों को सूचित कर उसको अस्पताल पहुंचाते तब तक जगदीश ने दम तोड़ दिया।
हादसे के कारणों की जांच चल रही है। वैसे कुछ लोगों का कहना है कि आरक्षी ने आत्महत्या की है।
एसपी के अनुसार मौत एक हादसा
वहीं, लखनऊ से सीओ आरके सिंह व प्रतिसार निरीक्षक डीके धवन के साथ पहुंचे एसपी प्रोटोकॉल विजय पाल सिंह ने बताया कि आरक्षी की मौत महज एक हादसा है।
प्रतिसार निरीक्षक डीके धवन ने बताया कि अन्य सभी पुलिसकर्मियों को अन्य बसों से बिजनौर के लिए रवाना किया गया।
घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर सिधौली अमर सिंह का कहना है कि मृतक के परिवारीजनों को भी बुलाया गया है।
फिंगर प्रिंट टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।