बहराइच: सरयू में डूबी नाव, गोताखोरों की मदद से 17 लोगों को सुरक्षित निकाला, एक महिला की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लौकाही गांव से रविवार को धान की रोपाई के लिए सरयू नदी पार कर भादापुरवा जा रहे ग्रामीणों से भरी नाव डूब गई। नाव डूबने के दौरान कुछ लोग कूदकर नदी के किनारे पहुंच गए, जबकि गहरे पानी में 20 लोग नाव के साथ ही डूब गए। घटना से हड़कंप मच गया। नाव पर सवार 17 लोगों को प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया। एक महिला का शव बरामद हुआ है, जबकि एक वृद्ध और मासूम लापता हैं। घटना की सूचना मिलने पर डीएम व एसपी ने मौके का मुआयना किया है। गोताखोर सरयू नदी में लापता लोगों की खोज में जुटे हुए हैं। देर शाम तक उनका पता नहीं लग सका।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के लौकाही गांव के 20 ग्रामीण रविवार को धान रोपाई के लिए नाव से सरयू नदी के उस पार भादापुरवा जा रहे थे। नाविक सैमुद्दीन नाव चला रहा था। सुबह करीब 8.15 बजे नाव पर 25 लोग सवार हुए। नाव पर साइकिल व अन्य सामान भी लाद लिया। इससे भार अधिक हो गया था। नाव को कुछ लोगों ने किनारे से धक्का देकर मुख्य धारा की ओर ले जाने का प्रयास किया। लेकिन सरयू नदी में पहाड़ी इलाकों से आए पानी के तेज बहाव में नाविक संतुलन खो बैठा। कुछ दूरी पर गहरे पानी में जाकर अचानक नाव डूब गई। इस बीच कुछ युवक नाव से कूद गए।
जबकि नाव पर सवार लौकाही गांव निवासी नाविक सैमुद्दीन (22) पुत्र हसन, राजू (55) पुत्र बाऊर, हड्डवा (30) पुत्र छोटकऊ, नरेश (38) पुत्र सालिकराम, नरेश की पत्नी ऊषा (37), नरेश का पुत्र विकास (04) और विशाल (10), ननकऊ (65) व उसकी पत्नी जैबुलनिशा (60) तथा पुत्र जाफर (45), गबडू (42) पुत्र राजा, सलीम (30) पुत्र इमाम अली, फैजान (12) पुत्र कलीम, मोहम्मद सैफ (12) पुत्र नन्हें, राजेंद्र (38) पुत्र साकिलराम, लीलावती (42) पत्नी दुलारे, हसीब (40) पुत्र सोहराब समेत 20 लोग डूब गए।
किसान दुर्घटना बीमा का मिलेगा लाभ
लोगों के डूबते ही नदी के किनारे खड़े ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मोतीपुर के प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा व मुर्तिहा के प्रदीप मौर्या पुलिस बल के साथ नदी के तट पर पहुंचे। आरएएफ की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों की मदद से 17 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। जैबुल निशा का शव मिला है। जबकि उसके पति ननकऊ और विशाल का पता अभी नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम बाबूलाल व सीओ अरुणचंद्र मौके पर पहुंचे। कुछ समय बाद पहुंचे डीएम शंभु कुमार व पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने घटना की जानकारी ली। लापता लोगों की तलाश करने के निर्देश दिए। घटना की सूचना मिलने पर सांसद अक्षयवरलाल गोंड ने भी मौके पर जाकर परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया। हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
मोतीपुर के लौकाही गांव में नाव डूबने की घटना दुखद है। घटनास्थल का जायजा लिया है। महिला का शव मिला है। उसके परिजनों को पोस्टमार्टम के बाद किसान दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। नदी में लापता हुए वृद्ध और बच्चे की तलाश करने में गोताखोर लगे हुए हैं। एसडीएम को मौके पर कैंप बचाव कार्य जारी रखने का निर्देश दिया गया है। - शंभु कुमार, जिलाधिकारी