फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   चंद लम्हों में बदल गया 10 साल से खराब ट्रांसफार्मर

चंद लम्हों में बदल गया 10 साल से खराब ट्रांसफार्मर

Fri, 08 Jun 2018 12:04 AM IST
Updated Fri, 08 Jun 2018 12:04 AM IST
विज्ञापन
चंद लम्हों में बदल गया 10 साल से खराब ट्रांसफार्मर
सीएम के आगमन के चलते चमका बम्हेरा गांव, योगी आज करेंगे 31576 लाख की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
विज्ञापन

सीतापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जिले के दौरे पर आ रहे हैं। विद्या ज्ञान स्कूल में प्रधानों से संवाद और 31576.55 लाख रुपये की 48 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद सीएम बम्हेरा गांव में चौपाल भी लगाएंगे। मुख्यमंत्री के इस्तकबाल के लिए बम्हेरा गांव दुल्हन की तरह संवारा गया है।

साफ-सफाई के अलावा गांव की सरकारी इमारतों का रंग-रोगन कराया गया है। दस साल से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को चंद लम्हों में बदल दिया गया। गुरुवार को विद्या ज्ञान स्कूल से लेकर बम्हेरा तक अफसर पल-पल तैयारियों का जायजा लेते रहे। प्रशासन के मुताबिक सीएम के दौरे को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन


जिले के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रोग्राम गत बुधवार को ही फाइनल हो चुका है। सीएम का आगमन आठ जून की दोपहर 2:30 बजे विद्या ज्ञान स्कूल सुरैंचा में होगा। यहां सीएम जिले में ग्राम स्वराज योजना के तहत चयनित 310 गांवों के प्रधानों से संवाद करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


फिर सीएम द्वारा स्कूल में ही 8848.74 लाख की लागत वाले 28 कार्यों का लोकार्पण और 22727.81 लाख की लागत वाली 20 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। यहां से सीएम का काफिला ब्लॉक कसमंडा के बम्हेरा गांव पहुंचेगा। बम्हेरा में चौपाल लगाकर सीएम विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखेंगे।

गुरुवार को दिन भर जिला प्रशासन सीएम के आगमन की तैयारियों में जुटा रहा। डीएम शीतल वर्मा, एडीएम विनय पाठक, सीडीओ डीके तिवारी सहित अफसरों का पूरे अमले ने सुबह विद्या ज्ञान स्कूल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक कर तैयारियों की समीक्षा भी की गई।

डीएम ने सभी अफसरों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। वहीं, बम्हेरा गांव को संवारने के लिए दिन भर अफसर-कर्मी कड़ी मशक्कत करते नजर आए। उप स्वास्थ्य केन्द्र का रंग-रोगन करवाकर सूरत ही बदल दी गई है। कमलापुर से बम्हेरा तक सड़कों का पूरी तरह कायाकल्प कर दिया गया है।

साफ-सफाई इस कदर कि गांव लकदक करता दिखाई दिया। पेंडिंग काम धड़ाधड़ निपटा दिए गए हैं। आला अफसर भी गांव पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेते रहे। अफसर-कर्मी लगातार बम्हेरा में डेरा डाले हुए हैं।

सीएम के ओएसडी ने लिया तैयारियों का जायजा
गुरुवार को सीएम के ओएसडी अभिषेक कौशिक ने विद्या ज्ञान स्कूल और बम्हेरा गांव पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सीएम के प्रोग्राम के मुताबिक ओएसडी ने तैयारियां परखीं। बम्हेरा में चौपाल स्थल से लेकर पूरे गांव का भ्रमण कर स्थिति देखी। इस दौरान अफसरों से विचार-विमर्श भी किया।

कमलापुर माइनर में टेल तक पानी पहुंचाने की कवायद
सीएम के आगमन को लेकर अफसरों की तेजी देखते ही बनती थी। जिस कमलापुर माइनर में पिछले कई वर्षों से टेल तक पानी नही पहुंचा है। उसमें टेल तक पानी पहुंचाने के लिए जेसीबी से नहर की खुदाई की जाती रही। दरअसल, कमलापुर माइनर के किनारे से ही बम्हेरा गांव का रास्ता है। इसीलिए नहर की सफाई में अफसर जुटे हुए हैं।

पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों की तेजी देख हैरान रह गए ग्रामीण
पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों ने गुरुवार को जादुई काम किया। बम्हेरा में अस्पताल को जो ट्रांसफार्मर पिछले दस साल से खराब पड़ा था। वह चंद लम्हों में बदल दिया गया। यह देख ग्रामीण भी हैरान रह गए। ग्रामीणों के मुताबिक, यही तेजी अफसर हमेशा दिखाएं तो देश-प्रदेश के हालात सुधर जाएंगे।

71 साल बाद देवनाथपुरवा व फत्तेपुर में पहुंची बिजली
सीएम के आगमन का सबसे बड़ा फायदा ग्राम पंचायत बम्हेरा के मजरा देवनाथपुरवा और फत्तेपुर को हुआ है। यहां के बाशिंदे मुख्यमंत्री का प्रोग्राम लगने से बेहद खुश नजर आए। दरअसल, इन मजरों में आजादी के बाद से अब तक बिजली नही पहुंची थी। ग्रामीण आज भी यहां ढिबरी की रोशनी में रहने को विवश थे। गुरुवार को कुछ ही घंटों में देवनाथपुरवा और फत्तेपुर का विद्युतीकरण कर दिया गया।

मलिन बस्ती में खिंच गई नई विद्युत लाइन
बम्हेरा के मलिन बस्ती की बेहद पुरानी समस्या पल भर में दूर हो गई। यहां पिछले लंबे अरसे से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों को शिकायत पर भी जिम्मेदार ध्यान नही दे रहे थे। सीएम का प्रोग्राम गांव में क्या लगा पावर कॉर्पोरेशन के अफसर बिजली की तेजी से यह समस्या दूर करने में जुट गए। 14 नए खंभे लगाकर मलिन बस्ती तक नई विद्युत लाइन खींच दी गई है।

देखो... गांव में किसी योजना का कोई पात्र रह न जाए
गुरुवार को दिन भर बम्हेरा गांव में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को ढूंढकर दिया जाता रहा। इस दौरान सौभाग्य योजना के तहत 40 नए कनेक्शन दिए गए जबकि 18 नए राशन कार्ड ऑनलाइन किए गए हैं। इसके अलावा कई राशन कार्डों में 60 यूनिट भी बढ़ाए गए हैं।


विधवा पेंशन के लिए 10, वृद्धा के लिए 20, दिव्यांग के लिए 5 आवेदन ऑनलाइन भरवाए गए। वहीं, तीन दिव्यांगों को उपकरण प्रदान करने के लिए आवेदन लिए गए हैं। इस दौरान कर्मचारी यह कहते सुने गए कि देखो... गांव में किसी योजना का कोई पात्र रह न जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed