{"_id":"6216513638f16d07f536ac5c","slug":"59-12-percent-voting-in-the-fourth-phase-in-up-kheri-pilibhit-rae-bareli-and-fatehpur-toppers-lucknow-laggard","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी चुनाव: चौथे चरण में नौ जिलों की 59 सीटों पर 61.65% वोट, लखनऊ में 61 फीसदी मतदान, अब तक 231 सीटों पर चुनाव संपन्न","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी चुनाव: चौथे चरण में नौ जिलों की 59 सीटों पर 61.65% वोट, लखनऊ में 61 फीसदी मतदान, अब तक 231 सीटों पर चुनाव संपन्न
Thu, 24 Feb 2022 12:41 AM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Thu, 24 Feb 2022 12:41 AM IST
सार
इस चरण में 624 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। बुधवार को जिन जिलों में वोट डाले गए उसमें लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बांदा और फतेहपुर जिला शामिल हैं।
विज्ञापन
मतदान।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
यूपी विधानसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान बुधवार को संपन्न हो गया। नौ जिलों की 59 सीटों पर 61.65 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, डीएम अभिषेक प्रकाश के अनुसार लखनऊ में 61 फीसदी मतदान हुआ। यह अब तक का सबसे अधिक मत प्रतिशत है। इसके साथ ही 624 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया।
विज्ञापन
सबसे ज्यादा मतदान पीलीभीत में 67.16% हुआ। सबसे कम उन्नाव में 57.73% मतदान हुआ। पीलीभीत की बरखेरा सीट पर सर्वाधिक 69.39% लोगों ने मतदान किया। सीतापुर सीट पर सबसे कम 52.60% ने मतदान किया। चौथे चरण में आदर्श चुनाव संहिता के उल्लंघन की कुल 362 शिकायतें मिलीं। इनमें 71 शिकायतें सही मिलने पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा 64 बैलट यूनिट और कंट्रोल यूनिट में शिकायत मिलने के बाद उसे बदला गया। मतदान के दौरान 313 वीवीपैट में खराबी आई, जिसे बदला गया।
विज्ञापन
कहां कितना मतदान
जिला 2022 2017
लखनऊ 61.00 58.45
हरदोई 58.99 59.55
खीरी 67.15 68.47
सीतापुर 62.66 68.59
उन्नाव 57.73 60.23
रायबरेली 61.90 60.76
पीलीभीत 67.16 67.05
बांदा 60.80 59.65
फतेहपुर 60.07 59.58
कुल 61.52 62.55
अब पूर्वांचल पर निगाहें
चौथे चरण के मतदान के साथ ही यूपी विधानसभा चुनाव ने आधे से अधिक सफर पूरा कर लिया। अब तक 231 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अगले 12 दिनों में बाकी तीन चरणों में बची 172 सीटों का चुनाव भी संपन्न हो जाएगा। अब तक के चार चरणों की बात करें तो पहले चरण में 62.83 प्रतिशत, दूसरे चरण में 65.11 प्रतिशत और तीसरे चरण में 62.49 प्रतिशत मतदान हुआ था।
विज्ञापन
लखीमपुर में ईवीएम पर डाला फेविक्विक
लखीमपुर खीरी के कादीपुर सानी बूथ पर किसी उपद्रवी ने फेविक्विक डाल दिया गया। इससे एक बटन ने काम करना बंद कर दिया। शिकायत के बाद ईवीएम को बदला गया। पीठासीन अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने पवन पासी और साबिर पर मुकदमा दर्ज कर साबिर को गिरफ्तार कर लिया है।
गोशाला निर्माण शुरू होने पर ही हुआ मतदान
नरैनी (बांदा)। अन्ना मवेशियों से परेशान दशरथ पुरवा के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। वे गोशाला बनवाने की मांग कर रहे थे। जिला प्रशासन के अफसरों और निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक ने उन्हें समझाया। छह घंटे की मिन्नत के बाद अफसरो ने तत्काल अस्थायी गोशाला का निर्माण शुरू कराया तो ग्रामीणों ने मतदान शुरू किया।
उन्नाव में नारेबाजी को लेकर सपा व भाजपा समर्थक भिड़े, फायरिंग
सदर कोतवाली क्षेत्र के करोवन गांव में मतदान के दौरान अपने-अपने दल के पक्ष में नारेबाजी करने को लेकर सपा व भाजपा समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान मारपीट व कई राउंड फायरिंग हुई। इससे मतदाताओं में अफरा-तफरी मच गई।