सीएम हेल्पलाइन के 27 कर्मचारी समेत 40 और पॉजिटिव, 650 पहुंच गया कुल मरीजों का आंकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम हेल्पलाइन के कर्मचारियों ने कोरोना मरीजों का ग्राफ बढ़ा दिया है। सोमवार को इसके 27 कर्मचारी पॉजिटिव मिले। अभी रविवार को लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि संक्रमित कर्मचारियों का आंकड़ा 100 पार कर जाएगा। यह हेल्पलाइन गोमतीनगर के विभूतिखंड स्थित बहुमंजिला इमारत में चल रही थी। इसका संचालन निजी कंपनी के जरिये हो रहा है।
जानकीपुरम की ओर बढ़ा वायरस
वायरस का रुख जानकीपुरम की ओर होता नजर आ रहा है। यहां शनिवार को संक्रमित मिले व्यक्ति के परिवार के दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, आशियाना पराग चौराहा निवासी परिवार के तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां एक मरीज शुक्रवार को संक्रमित मिला था।
इसी तरह मकबूलगंज में दो, राजाजीपुरम सेक्टर एफ वन में रहने वाली महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। महिला जीआरपी के सिपाही की पत्नी बताई जा रही है। इसी तरह बालागंज कैंपवेल रोड, गोमती नगर, सरोजिनी नगर और मानस विहार कॉलोनी एवं डालीगंज में एक-एक मरीज मिला है।
सीएम हेल्पलाइन चलाने वाली फर्म को नोटिस
एक समय में इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों को कार्यालय क्यों बुलाया, जबकि संक्रमण की आशंका को देखते हुए ऐसा करना उचित नहीं था। कार्यालय में एसी चलने के बारे में सवाल किया है कि आखिर अधिकारियों ने दिशा-निर्देशों का पालन क्यों नहीं किया?
सिविल का आइसोलेशन वार्ड 24 घंटे के लिए बंद
बुखार, खांसी की शिकायत लेकर शनिवार को सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में आए युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद सोमवार को आइसोलेशन वार्ड 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। इसे सैनिटाइज करने के बाद ही खोला जाएगा। सरोजनीनगर निवासी 26 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि से हड़कंप मच गया। उसे लोकबंधु अस्पताल भेज दिया गया है। आइसोलेशन वार्ड खाली कराकर 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। युवक के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पांचवें दिन इनकी जांच होगी।
16 मरीज डिस्चार्ज, सात एक ही परिवार के
दो बार रिपोर्ट निगेटिव आने पर कोरोना के 16 मरीज सोमवार को डिस्चार्ज किए गए। इनमें चिनहट के सात मरीज एक परिवार के हैं। रामसागर मिश्रा अस्पताल के डॉ. रोहित सिंह ने बताया कि एक परिवार के सात मरीजों के अलावा माल, मलिहाबाद व कमता का एक-एक मरीज डिस्चार्ज हुआ।
लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ. श्रीकेश सिंह ने बताया कि पांच मरीजों को छुट्टी दी गई, जिसमें चार फातिमा अस्पताल के कर्मचारी हैं और पांचवां अन्य क्षेत्र से आया था। सीएमओ के अनुसार, एक मरीज जिसका इलाज अन्य संस्थान में चल रहा था उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।