{"_id":"5af1d4524f1c1b86098b8fcd","slug":"21525797970-lucknow-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"वेबसाइट पर दर्ज नहीं गांव का नाम, कैसे हो गेहूं की बिक्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वेबसाइट पर दर्ज नहीं गांव का नाम, कैसे हो गेहूं की बिक्री
Updated Tue, 08 May 2018 10:16 PM IST
विज्ञापन
जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र की नुरुद्दीनपुर ग्राम पंचायत के करीब 100 किसानों को कृषि विभाग की गलती का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। कारण यह है कि किसानों को क्रय केंद्रों पर गेहूं की बिक्री करने से पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना पड़ता है। कृषि विभाग की जिस वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन होना है, वहां संबंधित गांव का नाम ही नहीं फीड है। इससे किसानों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है। इससे वह अपनी गेहूं की उपज नहीं बेच पा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रदेश सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा तो करती है, लेकिन उसके मातहतों की मनमानी के चलते किसानों की मुश्किल कम नहीं हो रही हैं। किसानों को उपज का वाजिब मूल्य मिले, इसके लिए सरकार क्रय केन्द्रों के माध्यम से गेहूं की खरीद कर रही है। क्रय केंद्रों पर आढ़तियों के गेहूं की खरीद न हो, इसके लिए कुछ प्रक्रियाएं हैं। किसानों को ऑनलाइन खतौनी, खसरा, बैंक खाता आदि की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर रजिस्ट्रेशन कराना पड़ता है। रजिस्ट्रेशन के बाद किसान अपनी उपज क्रय केंद्रों पर बेच सकते हैं। हालांकि जहांगीरगंज विकास खंड क्षेत्र के नुरुद्दीनपुर गांव के करीब 100 किसान मुश्किलों से जूझ रहे हैं। उनके गांव का नाम कृषि विभाग की वेबसाइट पर नहीं है। इसके चलते न तो उनका रजिस्ट्रेशन हो रहा है और न ही गेहूं की बिक्री हो पा रही है। गांव के किसान सिद्धनाथ, पद्माकर मिश्र, विजय बहादुर मिश्र, मानिकचंद्र, मुकेश, राजकुमार व जगदीश प्रसाद आदि ने एडीएम व एसडीएम आलापुर को पत्र देकर यह त्रुटि दूर कराने की मांग की है। कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान न हुआ तो उन्हें आर्थिक चपत लगेगी। उधर, एसडीएम रामशंकर का कहना है कि अभी तक उनके सामने यह मामला नहीं आया है, फिर भी वे इसकी जानकारी करा रहे हैं। किसानों की परेशानी दूर की जाएगी।
विज्ञापन