लखनऊ में ये 20 चर्चित टाउनशिप हो जाएंगी सील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलडीए अगले एक माह में 20 बड़ी अवैध टाउनशिप को सील करने की तैयारी कर रहा है। इन टाउनशिप के खिलाफ ये कार्रवाई इंटरनेट और अन्य माध्यमों के जरिये किये जा रहे प्रचार के बाद की जा रही है।
टाउनशिप के खिलाफ नगर नियोजन विभाग ने रिपोर्ट दी है, जिसके बाद इनके सीलिंग के आदेश कर दिए गए हैं। इन टाउनशिप में कंछल, वसुंधरा, एफ्टेक और शाइन सिटी जैसे बड़े ग्रुप के प्रोजेक्ट हैं। अगले एक महीने के अंदर ऐसे ही अनेक बड़े प्रोजेक्ट प्राधिकरण के घेरे में आएंगे।
एलडीए के अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण के विभिन्न जोन में अभियंताओं ने जो सर्वे किया है उसके और अन्य साधनों के जरिये ऐसी कॉलोनियों की नई सूची जुटाई गई है। इसके अलावा इंटरनेट और अन्य प्रचार माध्यमों में जो कंपनियां ज्यादा सामने आ रही थीं, उनकी जानकारी एलडीए के नियोजन विभाग से मांगी गई थी।
नियोजन विभाग ने जिन भी टाउनशिप का लेआउट नहीं पास किया है, उनकी जानकारी वापस अधिकारियों को दी है। इस आधार पर अगले एक महीने के अंदर 20 टाउनशिप को सील करने की तैयारी की गई है।
फैजाबाद रोड पर ऋषि उद्यान सिटी सील
एलडीए ने बुधवार शाम फैजाबाद रोड पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को 15 एकड़ की ऋषि उद्यान टाउनशिप सील कर दी। इस टाउनशिप में प्लॉटिंग के अलावा रॉ हाउस (विला) का निर्माण किया जा रहा था।
प्राधिकरण के दस्ते यहां खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी है। ऋषि ग्रुप नाम की कंपनी यहां सैकड़ों लोगों को प्रॉपर्टी बेच चुकी है। बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी से आगे फैजाबाद रोड पर ऋषि ग्रुप की ऋषि उद्यान टाउनशिप को बिना एलडीए से लेआउट पास करवाए ही विकसित किया जा रहा था।
इसको लेकर एलडीए ने कई बार नोटिस भी जारी किया था। एलडीए के अधिशासी अभियंता डीसी श्रीवास्तव ने बताया कि इस टाउनशिप में अब किसी भी तरह की खरीद-फरोख्त करना गैरकानूनी होगा। प्लाटिंग के अलावा कुछ भवनों का निर्माण हो रहा था, जिसको रुकवा दिया गया है। डवलपर अगर भविष्य में यहां प्लाटों या भवनों की बिक्री करेगा तो उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा। परिसर को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।