यूपी काडर के 17 आईएएस अफसर केंद्र में सचिव या अपर सचिव पद के लिए चयनित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र सरकार ने यूपी काडर के 17 आईएएस अधिकारियों को केंद्रीय मंत्रालयों में सचिव या अपर सचिव स्तर पर नियुक्ति के लिए इम्पैनल किया है। ये अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में जाने पर सचिव या अपर सचिव स्तर पर तैनाती पाएंगे।
सचिव पद के लिए जो अधिकारी चयनित हुए हैं उनमें नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के चेयरमैन आलोक टंडन सहित छह अफसर शामिल हैं। अपर सचिव स्तर पर चयनित अधिकारियों में सीएम के प्रमुख सचिव एसपी गोयल सहित 11 अधिकारी शामिल हैं।
केंद्र सरकार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए अफसरों के इम्पैनलमेंट के लिए 360 डिग्री फॉर्मूला लागू किया है। इसमें अफसर की पिछली तैनाती पर कार्य-व्यवहार की पड़ताल और विभिन्न स्तर पर फीडबैक के बाद इम्पैनलमेंट को मंजूरी मिलती है। केंद्र सरकार ने 1984 से 86 बैच तक के अफसरों को सचिव या सचिव स्तर के लिए तथा 1989 व 1990 बैच के अफसरों को अपर सचिव स्तर के पदों पर तैनाती के लिए इम्पैनल किया है।
इनमें 1986 बैच के दो अधिकारियों को सचिव तथा चार को सचिव स्तर के पदों पर तैनाती के लिए चयनित किया गया है। इसी तरह 11 अधिकारियों को अपर सचिव स्तर के लिए चयनित किया गया है।
सचिव स्तर के पद पर ये हुए चयनित
केंद्र में सचिव स्तर चयनित सभी आईएएस अफसर 1986 बैच के हैं। इनमें नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के चेयरमैन आलोक टंडन और केंद्रीय निर्वाचन आयोग में प्रतिनियुक्ति पर तैनात उमेश सिन्हा शामिल हैं।
ये भी पा सकेंगे सचिव स्तर पर तैनाती
इस पद के लिए चयनित 4 आईएएस अफसरों में दो 1985 और दो 1986 बैच के हैं। इनमें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात भूपेंद्र सिंह व बलविंदर सिंह भुल्लर, अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज राजेंद्र कुमार तिवारी और अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक मुकुल सिंहल शामिल हैं।
अपर सचिव स्तर के पद के लिए ये हुए इम्पैनल
अपर सचिव स्तर के पद के लिए 1989 बैच के 4 अधिकारी इम्पैनल हुए हैं। इनमें प्रमुख सचिव (सीएम) शशि प्रकाश गोयल, प्रमुख सचिव (कृषि) अमित मोहन प्रसाद, प्रमुख सचिव (गन्ना) संजय आर भूसरेड्डी और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात देवेश चतुर्वेदी शामिल हैं। इसी तरह 1990 बैच के भी 4 अधिकारी चयनित हुए हैं।
इनमें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात अर्चना अग्रवाल व दीपक कुमार, प्रमुख सचिव (आबकारी) कल्पना अवस्थी और प्रमुख सचिव (आवास) नितिन रमेश गोकर्ण शामिल हैं। इसके अलावा 1989 बैच के आईएएस अफसर प्रशांत त्रिवेदी व मोनिका सहगल गर्ग तथा 1990 बैच के सुधीर गर्ग भी शामिल हैं।