Meerut News Live: मेरठ में स्कूल बस में तोड़फोड़, किशोर की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी, गांव में फैली दहशत
लाइव अपडेट
मेरठ के मोदीपुरम में बुधवार देर रात दिल्ली-देहरादून हाईवे पर ए टू जेड कॉलोनी के सामने एक तेज गति से जा रही कार में पंचर हो गया। पंचर होने पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे कार में बैठे परिवार के सदस्य बाल-बाल बचे।
दौराला कस्बा निवासी अमित कुमार परिवार के साथ रात में एक समारोह में शामिल होने के बाद घर वापस लौट रहा था। कार में दो पुरुष थे और तीन महिलाएं थीं। कार जब मोदीपुरम हाईवे पर ए टू जेड कॉलोनी के सामने पहुंची तो अचानक से उसमें पंचर हो गया और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दौरान कार काफी दूर तक खिचड़ती हुई चली गई। होटल के कर्मचारियों ने कार में सवार लोगों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही सिवाया टोल प्लाजा से एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को पास के निजी अस्पताल में भेजा गया और क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटाकर मार्ग को संचालित कराया। मौके पर पहुंची दौराला पुलिस का कहना है कि गनीमत रही की कार में सवार लोगों को ज्यादा चोट नहीं आई है।
सहारनपुर जनपद के नानौता में मस्जिद में नमाज के बाद स्टेबलाइजर से बिजली कम करने गए 16 वर्षीय हाफिज की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने बिना कार्रवाई के शव को सुपुर्द-एक-खाक किया। वहीं मौत से परिजनों व गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना क्षेत्र के गांव माधोपुर निवासी मोहसीन का 16 वर्षीय पुत्र सादिक कुरान हाफिज था। जोकि मस्जिद में नमाज व अजान दिया करता था।
मंगलवार की रात्रि सादिक ने नमाज के बाद तेज आई बिजली को स्टेबलाइजर से कम करने के लिए जैसे ही स्टेबलाइजर को हाथ लगाया तो उसको करंट लग गया। आनन-फानन परिजनों व ग्रामीणों द्वारा उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानौता पर लाया गया, जहां चिकित्सक ने सादिक को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया व गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक किया।
किशोर की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी, गांव में फैली दहशत
सहारनपुर जनपद में कोतवाली मिर्जापुर के गांव के पास पूर्वी यमुना में अज्ञात किशोर की सिर कटी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
मुंबई क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बन ठगे 80 हजार रुपये, जेल भेजने की भी धमकी
सहारनपुर जनपद के देवबंद में साइबर ठगों ने क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बनकर एक व्यक्ति से 80 हजार रुपये से अधिक की ठगी कर ली। मामला यही नहीं रुका, पैसे लेने के बाद उसे मुंबई बुलाया जा रहा है और न आने पर जेल भेजने की धमकी भी दी जा रही है। डरे सहमे व्यक्ति ने मामले में पुलिस को तहरीर दी है।
मेरठ में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने नकली नोट के मामले में फरार आरोपी शाहिद निवासी कैराना पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस ने दावा किया है कि शाहिद का पिता असगर भी नकली नोट छापने के मामले में जेल काट चुका है। तीन महीने पहले असगर की मौत हो चुकी है।
शाहिद ने नकली नोट छापने के लिए अपना बड़ा गैंग तैयार किया था। असगर के पाकिस्तान से भी संबंध होने बताए। कैराना में रहने वाला यह परिवार नकली नोट बनाने के मामले में पहले से ही बदनाम है। मंगलवार और बुधवार को आरोपी शाहिद की तलाश में मेरठ पुलिस ने कैराना में ताबड़तोड़ दबिश दी। लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल कर कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
बागपत जनपद में बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर बिजरौल गांव के पास बुधवार को जेसीबी मशीन को बचाने के चक्कर में बुलेरो कार पलट गई। इससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायलों को बुलेरो से बामुश्किल निकालकर उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। उधर, घटना के बाद जेसीबी मशीन चालक वहां से फरार हो गया।
बताया गया कि घायलों में महक सिंह, मेघा, निकिता, प्रिया, आर्यन, हर्ष व वंशिका निवासी शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर शामिल है। बुधवार को सभी बुलेरो कार में सवार होकर दिल्ली बुध बिहार में सुधीर की बेटी के सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर बिजरौल गांव के पास पहुंचे तो सामने से अचानक कार के आगे जेसीबी मशीन आ गई। इस दौरान जेसीबी मशीन को बचाने के चक्कर में कार पलट गई और कार खेत में जा गिरी। इससे वहां से गुजर रहे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायलों को बुलेरो से बामुश्किल निकाला और सभी घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया।
मेरठ में लिसाड़ी रोड पर रॉन्ग साइड में आ रहे बाइक सवार को टक्कर लगने पर स्कूल बस में तोड़फोड़ कर दी गई विरोध करने पर कई युवकों ने बस के चालक की पिटाई कर दी। बस में सवार छात्र-छात्राओं ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन आरोपी फरार हो गए।
बुधवार को भाई जोगा सिंह पब्लिक स्कूल की बस में बच्चों को स्कूल से घर छोड़ने जा रहा था। लिसाड़ी रोड पर जाम लगने की वजह से बस चालक रॉन्ग साइड से बस को निकालने लगा। तभी सामने से आ रही बाइक से बस टकरा गई, जिसके बाद बाइक और बस चालक में मारपीट हो गई। बाइक सवार ने कुछ अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। मौके पर पहुंचे युवकों ने बस में तोड़फोड़ कर दी। बताया गया कि बस में बच्चे सवार थे। पथराव के समय बच्चों ने सीट के नीचे घुस कर जान बचाई। कुछ बच्चे चोटिल भी हो गए हैं।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को पकड़ लिया और बस को भी कब्जे में ले लिया। इसके बाद बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए। बाद में बच्चों को ऑटो में घर ले जाया गया।
पुलिस ट्रेनिंग स्कूल मेरठ बनेगा दोनों प्रशिक्षण का विशेष केंद्र : डाॅ. आरपी सिंह
उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजी ट्रेनिंग डा. आरपी सिंह ने बुधवार को बताया कि प्रदेश में व्याप्त 11 पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में से मेरठ के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए ड्रोन प्रशिक्षण का विशेष ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा। प्रदेश में केवल मेरठ में ही पुलिस ड्रोन सर्विलेंस का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके साथ ही पुलिस की कार्य प्रणाली में ड्रोन का उपयोग विभिन्न तरह से होता है और किया भी जा सकता है। यह सब की ट्रेनिंग यहां पुलिस कर्मियों को मिलेगी। बच्चा पार्क की स्थित द ब्लॉसम्स स्कूल में मेधावी बच्चों को सम्मानित किए जाने के कार्यक्रम में मेरठ आये डीजी ट्रेनिंग डा. आरपी सिंह ने बताया कि पुलिस ट्रेनिंग में साइबर सिक्योरिटी प्रशिक्षण और फॉरेंसिक साइंस प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बताया कि 13 मार्च से प्रदेश के सभी प्रशिक्षण स्कूलों में नौ हजार सब इंस्पेक्टर आधारभूत प्रशिक्षण के लिए आ रहे हैं। इनकी सामान्य ट्रेनिंग के अलावा साइबर ट्रेनिंग और फॉरेंसिक ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह तैयारी भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। अपराध और अपराधियों के तौर तरीके बदले हैं और उसके साथ ही आपराधिक मामलों की जांच के तरीके बदल गए। इसलिए प्रशिक्षण के स्तर को भी उसी तरह बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल ही कांस्टेबल से लेकर अन्य पदों के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में काफी बदलाव किए गए हैं। यह निरंतर प्रक्रिया है और पुलिस विभाग की ओर से बदलाव के परिणाम का आकलन किया जा रहा है।
हस्तिनापुर में ट्रैक्टर सवार ने बाइक सवार को रौंदा
मुठभेड़ में लुटेरा गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से हुआ घायल
एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश का नाम अनिल पुत्र जसवीर निवासी पीर माजरा थाना कुतुबशेर है। इस बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर 11 फरवरी को पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री के कर्मचारी प्रदीप कुमार से 35,000 की लूट की थी। इसके बाकी साथियों की तलाश जारी है।
पकड़ा गया बदमाश शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ 11 से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में पंजीकृत हैं। यह बदमाश लूट की घटना में ही डेढ़ माह पहले जेल से छूट कर आया था। एसएसपी ने पुलिस पार्टी को 21 हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की है।