फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Rajasthan Mayor Election 2026: अध्यक्ष पदों के नतीजों में भाजपा दबदबा, 197 सीटों पर मिली जीत

Mon, 21 Sep 2026 12:37 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: शबाहत हुसैन Updated Mon, 21 Sep 2026 12:37 PM IST
खास बातें

राजस्थान निकाय चुनाव के अब तक घोषित 301 नतीजों में भाजपा ने 197 अध्यक्ष पदों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 94 पद मिले हैं। सात नगर निगमों में भाजपा ने छह में मेयर बनाया, जबकि बीकानेर में कांग्रेस का महापौर निर्वाचित हुआ।

विज्ञापन
Rajasthan Nagar Nigam Election Voting Udaipur Bikaner BJP Congress Updates in Hindi
राजस्थान निकाय चुनाव - फोटो : Amar Ujala

लाइव अपडेट

06:01 PM, 21-Sep-2026

अध्यक्ष पदों के नतीजों में भाजपा आगे

राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव के तहत नगर निकायों के अध्यक्ष पदों के घोषित परिणामों में 301 अध्यक्ष पदों के घोषित नतीजों में भाजपा ने बढ़त बनाई है। भाजपा ने 197 अध्यक्ष पदों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस के खाते में 94 पद आए हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) और माकपा (CPI-M) ने एक-एक अध्यक्ष पद जीता है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को भी एक पद मिला है। निर्दलीय उम्मीदवारों ने 7 अध्यक्ष पदों पर जीत दर्ज की है, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (BAP) अब तक एक भी अध्यक्ष पद नहीं जीत सकी है।
05:21 PM, 21-Sep-2026

झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस के राजेश गुर्जर 15 वोटों से जीतकर बने सभापति

झालावाड़ नगर परिषद में सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश गुर्जर ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजकुमार सोनी को 15 वोटों के अंतर से हरा दिया है। मतगणना में राजेश गुर्जर को 30 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार सोनी को 15 वोट हासिल हुए।

झालावाड़ के 45 वार्डों के परिणाम में कांग्रेस के 29 पार्षद जीतकर आए थे, जबकि भारतीय जनता पार्टी के 13 प्रत्याशी निर्वाचित हुए थे। इसके अलावा, दो निर्दलीय और एक आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी। सभापति चुनाव में दोनों प्रमुख दलों के बीच क्रॉस वोटिंग देखने को मिली। कांग्रेस को एक अतिरिक्त वोट मिला, वहीं भारतीय जनता पार्टी के खाते में दो अतिरिक्त वोट आए। राजेश गुर्जर वार्ड 26 से पार्षद का चुनाव जीतकर नगर परिषद पहुंचे हैं। उन्होंने चुनाव में अपने ही रिश्तेदार और भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी मनोज गुर्जर को पराजित किया था।

जिले के बाकी नतीजे इस तरह रहे
  • झालरापाटन - अंशु गुप्ता (भाजपा)
  • भवानीमंडी - पिंकी गुर्जर (कांग्रेस)
  • अकलेरा - याशिका मेवाड़ा (भाजपा)
  • खानपुर - कांता साहू (कांग्रेस)
  • मनोहरथाना - देवेंद्र शर्मा (भाजपा)
  • डग - टीना नागर (कांग्रेस)
  • पिड़ावा - राजू माली (भाजपा)
विज्ञापन
05:18 PM, 21-Sep-2026

नीमराणा नगर पालिका की पहली चेयरमैन बनीं कांग्रेस की दिलकौरी देवी  

कोटपुतली-बहरोड़ के नीमराणा नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी दिलकौरी देवी ने जीत दर्ज करते हुए निकाय की पहली चेयरमैन का पद हासिल कर लिया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार प्रेम देवी को 17 के मुकाबले आठ मतों से पराजित किया। डवानी गांव की रहने वाली दिलकौरी देवी वार्ड संख्या 20 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद चुनी गई थीं।
05:08 PM, 21-Sep-2026

कांग्रेस दस और भाजपा आठ निकायों में जीती

झुंझुनूं जिले की 19 नगर निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं। चुनाव नतीजों में कांग्रेस ने 10 निकायों में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। भारतीय जनता पार्टी के खाते में आठ निकाय आए हैं, जबकि एक निकाय में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। जिले की 18 निकायों में सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुए। इससे पहले, खेतड़ी निकाय में भारतीय जनता पार्टी की गीता देवी पहले ही निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो चुकी थीं।

तीन निकायों में लॉटरी से फैसला
जिले के तीन निकायों बगड़, बुहाना और मलसीसर में अध्यक्ष पद के लिए बराबरी का मुकाबला रहा। इन तीनों स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशियों को 10-10 मत मिले। टाई की स्थिति बनने के बाद प्रशासन ने लॉटरी से फैसला किया। लॉटरी प्रक्रिया में बगड़ निकाय में कांग्रेस के राकेश कुमार शर्मा विजयी घोषित हुए। वहीं बुहाना में भारतीय जनता पार्टी की मंजूबाला और मलसीसर में भारतीय जनता पार्टी के पवन कुमार लॉटरी के माध्यम से अध्यक्ष बने।

झुंझुनूं नगर परिषद कांग्रेस के खाते में
  • झुंझुनूं नगर परिषद के सभापति पद पर कांग्रेस के अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान ने जीत हासिल की। उन्होंने 35 मत प्राप्त कर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को 10 वोटों से हराया, जिन्हें 25 मत मिले।
  • चिड़ावा में कांग्रेस की सुमित्रा सैनी 26 वोट हासिल कर सात मतों से जीतीं, जहां भारतीय जनता पार्टी को 19 वोट मिले।
  • मंडावा में कांग्रेस के सज्जन लाल मिश्रा ने 17 मत प्राप्त कर नौ वोटों से जीत दर्ज की। मंड्रेला में कांग्रेस की प्रवीण बानो ने 16 वोट पाकर सात मतों से सफलता प्राप्त की।
  • मुकुंदगढ़ में कांग्रेस के सत्यनारायण सैनी 15 मत हासिल कर पांच वोटों से विजयी हुए और नवलगढ़ में कांग्रेस की माया देवी ने 26 वोट पाकर सात मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
  • सिंघाना में कांग्रेस की पिंकी 19 वोट पाकर तीन मतों से जीतीं और सुल्ताना में कांग्रेस की सोनिया ने 17 मत हासिल कर नौ वोटों से जीत पाई।
  • बिसाऊ में कांग्रेस की सलमा ने 13 वोट पाकर भारतीय जनता पार्टी को केवल एक मत से हराया। जाखल में भारतीय जनता पार्टी के भगवान सिंह 15 मत पाकर 10 वोटों से विजयी रहे।
  • डूंडलोद में भारतीय जनता पार्टी के सचिन सैनी ने 11 वोट पाकर दो मतों से जीत हासिल की।
  • उदयपुरवाटी में भारतीय जनता पार्टी की अनुराधा ने 18 मत पाकर एक वोट से सफलता पाई।
  • पिलानी में भारतीय जनता पार्टी के नगेंद्र कुमार ने 18 वोट पाकर एक मत से जीत दर्ज की।
  • विद्याविहार पिलानी में भारतीय जनता पार्टी के सिकंदर 13 मत पाकर एक वोट से जीते, जबकि सूरजगढ़ में निर्दलीय नरेंद्र सिंह ने 14 वोट हासिल कर चार मतों से अध्यक्ष पद जीता।
05:02 PM, 21-Sep-2026

भाजपा समर्थित सत्येंद्र सिंह चौहान 17-0 से जीते

भीलवाड़ा के आसींद नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी सत्येंद्र सिंह चौहान ने 17-0 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस चुनाव में कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने मतदान का पूरी तरह बहिष्कार किया और अपना वोट नहीं डाला। आसींद क्षेत्र में आयोजित नगर निकाय चुनावों के इतिहास में यह पहला अवसर है जब कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपने वोट नहीं डाले। नए अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह चौहान ने कहा कि उनके कार्यकाल में आसींद नगर पालिका को स्मार्ट सिटी मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इससे पूरे क्षेत्र में विकास के नए काम तेजी से पूरे होंगे।
05:01 PM, 21-Sep-2026

डग नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस की टीना नागर जीतीं

झालावाड़ की डग नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी टीना नागर ने जीत हासिल की है। टीना नागर को 14 वोट प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी भगवती बाई को छह वोट मिले। इस तरह टीना नागर ने आठ वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी और उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश चंदेलिया ने टीना नागर को प्रमाण पत्र सौंपा। टीना नागर पूर्व में पंचायत समिति सदस्य भी रह चुकी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
05:01 PM, 21-Sep-2026

कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग से जीते भाजपा के पप्पू बाबा

धौलपुर के सैंपऊ नगरपालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पप्पू बाबा चेयरमैन बन गए हैं। पप्पू बाबा ने कांग्रेस उम्मीदवार मुनेश कुमार को 12 वोटों के अंतर से पराजित किया। पप्पू बाबा को कुल 20 मतों में से 16 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मुनेश कुमार को सिर्फ चार वोट ही मिल पाए। पप्पू बाबा के चेयरमैन बनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर की। चुनाव में कांग्रेस पार्षदों की क्रॉस वोटिंग बेहद अहम रही। कांग्रेस के तीन पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट दिया। अन्य पार्षदों के समर्थन से भी पप्पू बाबा को ज्यादा वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी मुनेश कुमार को सिर्फ चार वोट ही मिल सके। चुनाव परिणाम से साफ हो गया कि वार्ड चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में पार्षदों के समर्थन ने पूरा समीकरण बदल दिया।
04:57 PM, 21-Sep-2026

गंगापुर नगर पालिका अध्यक्ष चुनी गईं कांग्रेस की प्रीति काकाणी

गंगापुर में नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति काकाणी ने सफलता प्राप्त की है। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी विंकल सिंघवी को पांच मतों के अंतर से पराजित किया। इसके साथ ही नगर पालिका में कांग्रेस पार्टी का बोर्ड बन गया। चुनाव प्रक्रिया में प्रीति काकाणी को कुल 15 मत प्राप्त हुए, जबकि विंकल सिंघवी को 10 मत ही मिले। रिटर्निंग अधिकारी विवेक गुर्जर ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 25 मत डाले गए थे। मतगणना पूरी होने के बाद प्रीति काकाणी को 15 और विंकल सिंघवी को 10 मत मिले। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने प्रीति काकाणी को विजेता घोषित किया। इस बार अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित था, जिसके कारण यह मुकाबला राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था।
04:55 PM, 21-Sep-2026

मथानिया में कांग्रेस की लीला देवी बनीं अध्यक्ष

जोधपुर जिले की मथानिया नगरपालिका के पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी लीला देवी ने जीत हासिल की है। कुल 25 सदस्यों वाले बोर्ड में लीला देवी को 17 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार इंद्रा देवी को मात्र 8 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। इस परिणाम के बाद पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा ने कार की छत पर चढ़कर विजय का जश्न मनाया, जिसका वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है।नगर पालिका का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति (महिला) वर्ग के लिए आरक्षित था। 25 वार्डों वाली इस नगरपालिका में स्पष्ट बहुमत के लिए 13 पार्षदों के समर्थन की आवश्यकता थी। इससे पहले हुए पार्षद चुनाव में कांग्रेस ने 16 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 7 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 2 सीटें मिली थीं। अध्यक्ष पद के चुनाव में दोनों निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। दिलचस्प बात यह रही कि अध्यक्ष पद का यह मुकाबला वार्ड नंबर 11 के चुनाव का दोहराव था, जहां लीला देवी ने इंद्रा देवी को पहले भी हराया था।

04:55 PM, 21-Sep-2026

नापासर नगर पालिका की पहली अध्यक्ष बनीं भाजपा की संगीता नायक

बीकानेर के नवगठित नापासर नगर पालिका के पहले अध्यक्ष पद का चुनाव भारतीय जनता पार्टी ने जीत लिया है। पार्टी प्रत्याशी संगीता नायक पालिका की पहली अध्यक्ष बन गई हैं। त्रिकोणीय चुनावी मुकाबले में भाजपा उम्मीदवार संगीता नायक ने कुल 17 वोट प्राप्त किए। कांग्रेस की प्रत्याशी पूजा गोयल आठ वोट ही हासिल कर सकीं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार माया ईणखिया को चुनाव में एक भी वोट हासिल नहीं हुआ।

Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed