Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Akhilesh Yadav in Gorakhpur: 69000 शिक्षक भर्ती, प्राइमरी स्कूल बंदी और पेपर लीक; भाजपा को इन मुद्दों पर घेरा

Wed, 18 Nov 2026 06:12 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर Published by: Sharukh Khan Updated Wed, 18 Nov 2026 06:12 PM IST
खास बातें

Akhilesh Yadav Gorakhpur Road Show Visit Live: सीएम योगी के गढ़ गोरखपुर में रोड शो के बाद चौरी चौरा के देवकही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर निशाना साधा। 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े विवाद को उठाते हुए अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि पीडीए की सरकार बनने पर अभ्यर्थियों को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में 20 से अधिक पेपर लीक होने का दावा करते हुए कहा कि इससे गरीब और मध्यम वर्ग के युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।

विज्ञापन
Akhilesh Yadav Gorakhpur Roadshow Live PDA Rath Route Babu Bandhu Singh Statue Unveiling Updates in Hindi
गोरखपुर में जनसभा को संबोधित करते अखिलेश यादव - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

लाइव अपडेट

06:10 PM, 18-Nov-2026

सपा नेता दुर्गेश यादव के घर पहुंचे अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव वरिष्ठ सपा नेता दिवंगत जवाहर यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। स्व. जवाहर यादव सपा नेता दुर्गेश यादव के पिता थे। अखिलेश यादव दुर्गेश यादव के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं। वह दिवंगत जवाहर यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
05:27 PM, 18-Nov-2026

युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की जरूरत

सपा प्रमुख ने कहा कि युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की जरूरत है। सरकार को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल सके।
विज्ञापन
05:26 PM, 18-Nov-2026

पेपर लीक को लेकर भी सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के बच्चे दिन-रात मेहनत करके परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उनके माता-पिता अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं, लेकिन परीक्षा से पहले पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने दावा किया कि देश में सबसे अधिक पेपर लीक उत्तर प्रदेश में हुए हैं। प्रदेश में 20 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने सरकार पर युवाओं की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

 
05:26 PM, 18-Nov-2026

69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण का उठाया मुद्दा

सपा प्रमुख ने 69 हजार शिक्षक भर्ती के मामले को उठाते हुए इसे आरक्षण से जुड़ा गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि इस भर्ती में अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है। अभ्यर्थियों ने अपने हक के लिए लंबी लड़ाई लड़ी और हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनका हक नहीं मिल पाया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि पीड़ित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनने पर अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने का काम किया जाएगा।
05:26 PM, 18-Nov-2026

प्राइमरी स्कूल बंद कर शिक्षकों की नौकरी खत्म करने का लगाया आरोप

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को पढ़ाई से दूर रखना चाहती है। इसके लिए प्राइमरी स्कूलों को बंद किया जा रहा है और शिक्षकों की नौकरियां समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय सरकार ऐसे फैसले ले रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और शिक्षकों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इससे युवा पढ़ाई से दूर हो रहे हैं।
05:26 PM, 18-Nov-2026

युवाओं को पढ़ाई से दूर कर रही सरकार    

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की शिक्षा और रोजगार नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर अभ्यर्थियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। सरकार की नीतियों के कारण शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं।
 
विज्ञापन
विज्ञापन
04:31 PM, 18-Nov-2026

हमे अपने शहीदों पर गर्व

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश में गुलामी का दौर देखने वाले बहुत कम लोग बचे हैं, लेकिन हमें अपने उन शहीदों को हमेशा याद रखना चाहिए, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि हम अपने शहीदों पर गर्व करते हैं, जिनकी वजह से हमें आजादी और आजाद देश मिला है।

1857 की क्रांति और असहयोग आंदोलन का किया जिक्र
गोरखपुर के चौरी चौरा के देवकही में अखिलेश यादव ने 1857 की क्रांति और असहयोग आंदोलन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1857 की लड़ाई के बाद पूरे देश की जनता सड़कों पर उतर आई थी। इसके बाद असहयोग आंदोलन चला। चौरीचौरा का संघर्ष भी इसी ऐतिहासिक आंदोलन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शहीद हुए थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि चौरीचौरा के आंदोलन ने देश को एक बड़ा संदेश दिया। दुनिया के आंदोलनों में चौरीचौरा का नाम दर्ज हो गया। ऐसी ऐतिहासिक धरती पर आने का उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

जनसमर्थन के लिए जताया आभार
अखिलेश यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि वह एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि बाइक से आने वाले लोगों को एक घंटे से अधिक का समय लगा होगा, लेकिन इसके बावजूद जिस तरह से लोग सड़कों पर जनसमर्थन देने के लिए निकले, वह उत्साहजनक है।

उन्होंने कहा कि कई घंटे तक चलने के बाद भी लोग उनके बीच पहुंच पाए। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का सड़कों पर निकलना जनता के उत्साह और समर्थन को दर्शाता है। अखिलेश यादव ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के आयोजन और इसमें शामिल होने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

04:12 PM, 18-Nov-2026

गोरखपुर में साइकिल चलेगी, भाजपा के घटक दल ही विरोध में हैं: सपा सांसद आदित्य यादव

समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने गोरखपुर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रथयात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में इस बार समाजवादी पार्टी की साइकिल चलेगी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के घटक दल ही विरोध में हैं। आदित्य यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अखिलेश यादव गोरखपुर में रोड शो और जनसभा के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच पहुंच रहे हैं।

अखिलेश यादव की रथयात्रा के दौरान एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी हुई।
 
03:42 PM, 18-Nov-2026

अखिलेश यादव सभा स्थल पहुंचे

सपा प्रमुख अखिलेश यादव सभा स्थल चौरी चौरा के देवकही पहुंच गए हैं। वे अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही दिवंगत विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
03:12 PM, 18-Nov-2026

मोतीराम अड्डा में उमड़ी भीड़, दो किलोमीटर लंबा काफिला लेकर आगे बढ़ रहे अखिलेश

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुट रही है। एयरपोर्ट से रवाना होने के बाद जगह-जगह उनका स्वागत किया जा रहा है। इस दौरान मोतीराम अड्डा से आगे बढ़ते समय उनके काफिले की लंबाई करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके साथ चल रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं।

Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed