01:22 PM, 06-Feb-2023
दिल्ली को मिला भ्रष्ट मुख्यमंत्रीः मीनाक्षी लेखी
मेयर चुनाव एक बार फिर टलने पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा, दिल्ली को एक भ्रष्ट मुख्यमंत्री मिला है, जिसका नाम लगातार शराब घोटाले में आ रहा है। इसी पैसे का इस्तेमाल कर उन्होंने गोवा में और फिर मेयर चुनाव लड़ने की कोशिश की। इन्होंने भाजपा के 9 पार्षदों को पद और पैसे का लालच दिया।
01:18 PM, 06-Feb-2023
सिसोदिया बोले हंगामा कर रहे आप पार्षद
वहीं मनीष सिसोदिया ने इस मुद्दे पर कहा कि, एमसीडी में बीजेपी के पार्षद बिना बात हंगामा करके आज भी मेयर का चुनाव नहीं होने दे रहे। आम आदमी पार्टी के पार्षद शांत बैठे हैं लेकिन BJP पार्षद बिना बात हंगामा मचा रहे हैं।
01:16 PM, 06-Feb-2023
सदन के बाहर ही आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अब पार्टी सुप्रीम कोर्ट जाएगी। संजय सिंह बोले, भाजपा संवैधानिक रूप से मेयर का चुनाव नहीं होने दे रही, अब कोर्ट जाएंगे।
12:13 PM, 06-Feb-2023
आज भी नहीं हुआ मेयर का चुनाव
पीठासीन अधिकारी ने कहा कि जिन लोगों को वोट नहीं करना है वह सदन से बाहर जाएं, इसके बाद से हंगामा तेज हो गया है। आप पार्षद लगातार वापस जाओ, वापस जाओ के नारे लगा रहे हैं। बढ़ते हंगामे के चलते पीठासीन अधिकारी ने सदन को अगली तिथि के लिए स्थगित कर दिया और इस तरह आज भी मेयर का चुनाव नहीं हो पाया।
12:11 PM, 06-Feb-2023
भाजपा ने रखी दो आप विधायकों को वोटिंग से बाहर रखने की अपील
10 मिनट के स्थगन के बाद पीठासीन अधिकारी सदन में फिर से अपनी चेयर पर लौटीं। स्थाई समिति की पूर्व अध्यक्ष रहीं भाजपा पार्षद शिखा राय ने पीठासीन अधिकारी के सामने मांग रखी है कि आम आदमी पार्टी के दो विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी व एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज है इसलिए उन्हें वोट देने का हक ना दिया जाए। इसके बाद सदन में फिर से हंगामा बढ़ गया।
11:47 AM, 06-Feb-2023
10 मिनट के लिए सदन हुआ स्थगित
पीठासीन अधिकारी ने आम आदमी पार्टी के पार्षद दल के नेता मुकेश गोयल से कहा कि वह अपने सहयोगियों को शांत करवाएं, मेयर का चुनाव होने दें। पीठासीन अधिकारी ने आगे कहा कि, जनता ने उन्हें दिल्ली की सेवा करने के लिए भेजा है, बार-बार हंगामा करना ठीक नहीं। इसके बाद भी जब पार्षदों का हंगामा नहीं रुका तो सदन को 10 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया है।
11:45 AM, 06-Feb-2023
लगातार बढ़ रहा हंगामा
इस बीच सदन में हंगामा शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी और भाजपा के पार्षद लगातार अपनी बात एक साथ रखने की कोशिश कर रहे हैं जिसके चलते हंगामा बढ़ता जा रहा है।
11:42 AM, 06-Feb-2023
पार्षदों को बांटे गए तीन मत पत्र
इस बीच सभी सदस्यों को तीन तरह के मत पत्र दिए जा रहे हैं। एक से मेयर, एक से डिप्टी मेयर और तीसरे से स्थाई समिति के सदस्यों को वोट दिया जाएगा। तीनों चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। पीठासीन अधिकारी ने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट के 2016 के फैसले में साफ कहा गया है कि एल्डरमैन मेयर चुनाव में वोट डाल सकते हैं।
11:40 AM, 06-Feb-2023
आप विधायक ने जताया विरोध
पीठासीन अधिकारी के फैसले पर आम आदमी पार्टी के रिठाला विधायक महेंद्र गोयल ने आपत्ति जताई है।
11:36 AM, 06-Feb-2023
एल्डरमैन भी लेंगे मेयर डिप्टी मेयर के चुनाव में हिस्सा
पीठासीन अधिकारी सत्या शर्मा ने मेयर डिप्टी मेयर और स्थाई समिति के 6 सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कराई। एल्डरमैन भी चुनाव में वोट करेंगे। इसी बात पर सदन में लगातार हंगामा हो रहा था, लेकिन अब पीठासीन अधिकारी ने कहा है कि एल्डरमैन वोट करेंगे। मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में एल्डरमैन भी लेंगे हिस्सा, अस्थाई समिति के चुनाव में केवल पार्षद हिस्सा लेंगे।