10:28 PM, 20-Apr-2022
जहांगीरपुरी में सच पता लगाने के लिए टीम भेजेगी टीएमसी
तृणमूल कांग्रेस ने सांप्रदायिक हिंसा से प्रभावित दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में फैक्ट फाइंडिंग टीम भेजने का फैसला लिया है। यह टीम शुक्रवार को पहुंचेगी। छह सांसदों वाली टीम पार्टी सुप्रीमो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
09:42 PM, 20-Apr-2022
शशि थरूर ने भी सरकार को घेरा
कई राज्यों में हुई हिंसक घटनाओं पर कांग्रेस के नेता शशि थरूर ने कहा कि सरकार का काम राष्ट्र का निर्माण करना है, उसे गिराना नहीं। इस शर्मनाक आचरण से इस सरकार ने बड़ी संख्या में अपने नागरिकों का विश्वास खो दिया है। दुनियाभर में भारत की छवि गिर रही है। शशि थरूर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि यथास्थिति बनाए रखी जानी चाहिए और विध्वंस आगे नहीं बढ़ना चाहिए, लेकिन उस आदेश के जारी होने के चार घंटे बाद तक विध्वंस जारी रहा। यह अवैध, मनमाना और असंवैधानिक है, क्योंकि पीड़ितों को कोई नोटिस नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि घरों और दुकानों को नष्ट कर दिया गया, यह एक बिल्कुल आपराधिक कृत्य है जिसके लिए गंभीर कार्रवाई की जानी चाहिए। यह डराने-धमकाने की एक नई तकनीक है जो हमारे देश के लिए ठीक नहीं है। यह भारत के संविधान के मूल्यों पर हमला है। उन्होंने कहा कि ठीक से जांच कर जानी चाहिए, पता करना चाहिए कि कौन जिम्मेदार है? उन्हें कोर्ट ले जाकर नोटिस देना चाहिए। हालांकि, इन सब के बाद भी अगर बुलडोजर चलाने करने का निर्णय लिया जाता है, जो कि एक बहुत ही अमानवीय सार्वजनिक दंड है, तो कम से कम उचित नोटिस होने दें, ताकि लोग व्यवस्था कर सकें।
07:44 PM, 20-Apr-2022
बंगाल पहुंची दिल्ल ी पुलिस
पुलिस की तीन सदस्यीय टीम बुधवार को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले में पहुंची। जहां दिल्ली हिंसा के आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। इसको लेकर दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में जांच चल रही है। जिसके पूरा होने पर आलाधिकारी जानकारी देंगे।

07:33 PM, 20-Apr-2022
जहांगीरपुरी पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी जहांगीरपुरी पहुंचे हैं। हालांकि पुलिस ने उनको बीच में ही रोक लिया है। इसको लेकर उन्होंने कहा कि पुलिस आगे नहीं जाने दे रही है। सवाल किया कि बिना अनुमित शोभा यात्रा क्यों निकाली गई। अरविंद केजरीवाल की पार्टी इस मुद्दे पर चुप क्यों है। बिना नोटिस के कार्रवाई क्यों की गई। उन्होंने भाजपा पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। असदुद्दीन ओवैसी के पहुंचते ही भारी संख्या में उनके समर्थकों ने उनको घेर लिया।
07:03 PM, 20-Apr-2022
अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों ने खुद संभाला मोर्चा
जहांगीरपुरी इलाके में मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जिसे लोग खुद हटा रहे हैं।
04:55 PM, 20-Apr-2022
गुंडागर्दी और लफंगई बंद करने के लिए भाजपा मुख्यालय में चला दो बुलडोजर
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अराजकता का माहौल बना रखा है। यह पार्टी हर तरफ गुंडई और लफंगई का नाम बन गई है। अगर इस गुंडागर्दी और लफंगई को बंद करना है तो इसका सरल तरीका है कि भाजपा के मुख्यालय में बुलडोजर चला दो। लफंगों के मुख्यालयों में अपने आप बुलडोजर चल जाएगा।
04:30 PM, 20-Apr-2022
तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया आरोपी गुलाम रसूल उर्फ गुल्ली और दिलशाद
हिंसा मामले में एक आरोपी के वकील राजेश कौशिक ने बताया कि आरोपी गुलाम रसूल उर्फ गुल्ली और दिलशाद को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों को आज अदालत में पेश किया गया।
04:20 PM, 20-Apr-2022
बुलडोजर की कार्रवाई पर भाजपा और राहुल गांधी आमने-सामने
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर नफरत के बीज बोने का आरोप लगाया है। ठाकुर ने राहुल के उस ट्वीट पर पलटवार किया है जिसमें उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में अवैध कब्जों पर हो रही बुलडोजर की कार्रवाई को संवैधानिक मूल्यों का हनन बताया है। राहुल गांधी ने एक ट्वीट में संविधान और बुलडोजर की प्रतीकात्मक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि यह गरीबों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ राज्य प्रायोजित कार्रवाई है। नसीहत देते हुए कहा कि भाजपा को इसके बजाय उनके दिलों में नफरत को दूर करना चाहिए। इसको लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आप किसी ऐसे व्यक्ति से यही उम्मीद कर सकते हैं जिसका इतिहास भ्रष्टाचार और दंगों से जुड़ा है। वह नफरत के बीज बोकर देश का भला नहीं कर रहे हैं। वह देश की छवि खराब कर रहे हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह एक ऐसी पार्टी है जो सत्ता के लिए आतंकवादियों से समझौता करने की हद तक जाती है।
03:22 PM, 20-Apr-2022
बुलडोजर पर ओवैसी और भाजपा आमने-सामने
ओवैसी ने जहां जहांगीरपुरी में हुई बुलडोजर की कार्रवाई को तुर्कमान गेट 2022 नाम दिया तो भाजपा के राज्यसभा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने जेसीबी की नई परिभाषा ही दे डाली। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, जेसीबी का मतलब ‘जिहाद कंट्रोल बोर्ड’ (JCB = Jihad Control Board) है। हालांकि इस पर विवाद बढ़ने पर ट्वीट डिलीट भी कर दी गई।
02:48 PM, 20-Apr-2022
घटनास्थल से पुलिस ने मीडियाकर्मियों को हटाया
ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया रोकने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से मीडियाकर्मियों को हटा दिया है। अब एक बार फिर सुरक्षा बल पूरे इलाके में तैनात हैं और हालात सामान्य करने की कोशिश में हैं।
02:43 PM, 20-Apr-2022
पुलिस ने धार्मिक स्थलों के पास बढ़ाई सुरक्षा
पुलिस ने जहांगीरपुरी में मंदिर और मस्जिद दोनों के पास बुलडोजर से कार्रवाई की है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जब यह कार्रवाई रोकी गई है तो धार्मिक स्थल के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही इलाके की दुकानें एक बार फिर बंद हो गई हैं।
02:19 PM, 20-Apr-2022
जमीयत उलमा-ए-हिंद के सचिव नियाज अहमद ने गृहमंत्री से की अपील
जमीयत उलमा-ए-हिंद के सचिव नियाज अहमद फारूकी ने कहा कि, हमारे पास जानकारी थी कि जहांगीरपुरी में तोड़फोड़ का कार्य चल रहा है। हमने एनडीएमसी के मेयर, पुलिस, चीफ सेक्रेटरी को नोटिस भेज तोड़फोड़ रोकने के लिए कहा। नियाज अहमद का कहना है कि ऐसा करके आप सिर्फ दंगाइयों को फायदा पहुंचा रहे हैं। सरकार को इस तरह एक समुदाय को टारगेट नहीं करना चाहिए। मैं गृहमंत्री से आग्रह करता हूं कि वो यह तोड़फोड़ रोकें।
02:14 PM, 20-Apr-2022
असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा और आप को दी चेतावनी
जहांगीरपुरी में हुई बुलडोजर की कार्रवाई के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने सत्तासीन पार्टियों भाजपा और आप को इतिहास याद दिलाया और चेताया कि शक्ति शास्वत नहीं है। यह कभी इसके किसी के हाथ में होती है तो कभी किसी के हाथ में। उन्होंने ट्वीट किया कि भाजपा और आप याद रखें कि जो लोग 1976 में सत्ता में थे वो अब नहीं हैं।
12:54 PM, 20-Apr-2022
सड़क के बीच पड़े मलबे को हटाने का हो रहा काम
कोर्ट का आदेश देखने के बाद बुलडोजर अब तोड़फोड़ की कार्रवाई रोक चुके हैं। अब जहांगीरपुरी में रास्ते में पड़े मलबे को हटाने का काम चल रहा है।
12:41 PM, 20-Apr-2022
रोक दी गई है बुलडोजर की कार्रवाई: स्पेशल सीपी
वृंदा करात से मिलने और सुप्रीम कोर्ट का आदेश जानने के बाद स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक ने कहा है कि करात ने उन्हें न्यायालय के आदेश के बारे में बताया है। अब बुलडोजर की कार्रवाई रोक दी गई है।