07:59 PM, 22-Apr-2022
जहांगीरपुरी इलाके में सद्भावना बैठक पर डीसीपी उत्तर पश्चिम उषा रंगनानी ने कहा कि यह विश्वास बहाली का उपाय था। सभी एक साथ रह रहे हैं। इस देश में हिंदू और मुसलमान भाई की तरह रहते आए हैं और आगे भी ऐसा करते रहेंगे।
03:35 PM, 22-Apr-2022
वामपंथी नेता कुशल चौक पर धरने पर बैठे, पुलिस ने मीडिया को कवरेज से रोका
पीड़ितों से नहीं मिलने के विरोध में वामपंथी नेता कुशल चौक पर धरने पर बैठ गए हैं। डीसीपी समेत पुलिस के अन्य अधिकारी उन्हें उठाने में लगे लेकिन सफल नहीं हो पा रहे। वामपंथी नेताओं ने लड़ेंगे-भिड़ेंगे का एलान किया। पुलिस ने वामपंथी नेताओं की कवरेज करने से मीडिया को रोकना शुरू कर दिया है। पुलिस ने मीडिया को धक्के देकर इधर-उधर किया। पुलिस ने धरने पर बैठे वामपंथी नेताओं को श्रृंखला बनाकर घेर लिया है। पुलिसकर्मी मीडिया को फोटो नहीं करने दे रहे हैं।
03:29 PM, 22-Apr-2022
सपा नेता भी पहुंचे जहांगीरपुरी
एक ओर जहां वामपंथी नेताओं का दल अब भी जहांगीरपुरी में बना हुआ है, इसी बीच समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल भी जहांगीरपुरी पहुंच गया है।
03:23 PM, 22-Apr-2022
वामपंथी नेताओं ने लगाए इंकलाब जिंदाबाद के नारे
वामपंथी नेताओं ने इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए और दिल्ली पुलिस शर्म करो-शर्म करो के भी नारे लगाए। इसके साथ ही अमित शाह शर्म करो-शर्म करो और मोदी सरकार हाय-हाय के नारे लगाए। इन नेताओं ने दिल्ली पुलिस मुर्दाबाद जैसे नारे भी लगाए।
02:49 PM, 22-Apr-2022
पीड़ितों से मिलने की जिद पर अड़े डी राजा
जहांगीरपुरी में वामपंथी नेता डी राजा अपने साथियों के साथ हिंसा पीड़ितों से मिलने पहुंचे हैं। वह घटनास्थल की ओर जाना चाहते हैं लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। जब वह सुरक्षाकर्मियों की बात सुनने को राजी नहीं हुए तो खुद डीसीपी मौके पर पहुंचीं। लेकिन डी राजा उनकी भी एक बात सुनने को राजी नहीं हुए और हर हाल में पीड़ितों से मिलने की बात कर लगभग पांच मिनट तक डीसीपी से बहसबाजी की। डीसीपी ने उनको रोकने के लिए इलाके में इधर-उधर तैनात पुलिस को बुलाया है और सभी वामपंथी नेताओं पर नजर रखने के लिए ड्रोन की सहायता लेनी शुरू कर दी है।
02:44 PM, 22-Apr-2022
नारेबाजी के बाद स्थानीय महिलाओं ने की पुलिस से शिकायत
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा नारे लगाने की घटना के कुछ देर बाद मुस्लिम समुदाय की महिलाएं घटनास्थल पर पहुंचीं और पुलिस के समक्ष विरोध जताते हुए कहा कि आप नारेबाजी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे? यह लोग यहां माहौल खराब करने के लिए आ रहे हैं। विरोध करने वाली महिलाओं ने कहा कि जब पुलिस मौजूद थी तो उसने नारे लगाने वालों को गिरफ्तार क्यों नहीं किया।
02:43 PM, 22-Apr-2022
हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ता पहुंचे जहांगीरपुरी, लगाए जय श्रीराम के नारे
जहांगीरपुरी में हिंदू संगठन के 10 कार्यकर्ता नारेबाजी करने पहुंचे। पुलिस के आने तक ये लोग जय श्रीराम के नारे लगाकर भाग गए। उन्होंने कुशल चौक से 100 मीटर पहले नारेबाजी की। यहां तक आम लोगों को आने जाने की छूट है।
02:38 PM, 22-Apr-2022
शांतिपूर्ण रूप से अदा की गई जुमे की नमाज
जुमे की नमाज से पहले स्पेशल पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने भारी पुलिस बल के साथ सी ब्लॉक मस्जिद के पीछे वाले इलाके में मुआयना किया। इससे जुमे की नमाज शांतिपूर्ण रूप से अदा की गई।
12:09 PM, 22-Apr-2022
मनोज तिवारी ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी से की बैठक
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि आज वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी व एडिशनल डीसीपी से मिले और उनके साथ बैठक की। उन्होंने लोगों से अपील की है कि, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दिया जाए, प्रेम-भाईचारा ना बिगड़े इसके लिए जिले की पुलिस कटिबद्ध है। अमन कमेटी से लगातार संपर्क में हैं। हमारी लोकसभा के सभी भाई-बहन हमारा सहयोग करें। भाईचारा और सौहार्द बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
12:05 PM, 22-Apr-2022
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के सांसद पीटी मोहम्मद बशीर पहुंचे जहांगीरपुरी
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के सांसद पीटी मोहम्मद बशीर जहांगीरपुरी में तोड़फोड़ के पीड़ितों से मिलने पहुंचे। हालांकि सुरक्षा और शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस ने उनको कुशल चौक से आगे नहीं बढ़ने दिया।