06:30 PM, 27-Feb-2025
सीएजी की सभी रिपोर्ट विधानसभा में पेश की जाएगी
दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद मोहन सिंह बिष्ट ने कहा, "मैं पार्टी की अपेक्षाओं और मुझ पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। मैं नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा, सीएम और कैबिनेट सदस्यों को धन्यवाद देता हूं।" सीएजी रिपोर्ट पर उनका कहना है, "सीएजी रिपोर्ट पीएसी को भेजी जाएगी। तीन महीने बाद पीएसी इस पर पूरी रिपोर्ट देगी। सीएजी की सभी रिपोर्ट विधानसभा में पेश की जाएगी।"
05:07 PM, 27-Feb-2025
आतिशी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखी चिट्ठी
दिल्ली विधानसभा नेता विपक्ष आतिशी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को चिट्ठी लिखी। आतिशी ने आप विधायक दल के साथ राष्ट्रपति से तत्काल मिलने का समय मांगा। आतिशी ने कहा कि विधानसभा परिसर के बाहर रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। आतिशी ने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीर दिल्ली सरकार के दफ्तरों से हटाना शहीदों और दलित पिछड़ों का अपमान है।
04:11 PM, 27-Feb-2025
भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट को विधानसभा का उपाध्यक्ष चुना गया
भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट को विधानसभा का उपाध्यक्ष चुना गया। वह छठी बार विधायक चुने गए हैं। वह पांच बार करावल नगर से जीते थे, जबकि इस बार उनको मुस्तफाबाद से टिकट दिया गया था।
04:09 PM, 27-Feb-2025
विधानसभा ने आबकारी नीति पर कैग रिपोर्ट पीएसी को भेजी
विधानसभा ने आबकारी नीति पर कैग रिपोर्ट पीएसी को भेजी। वह तीन महीने में अपनी सिफारिश देगी। इससे पहले सभी विभागों को रिपोर्ट के संबंध में एक महीने के अंदर अपना जब फाइल करना है।
03:53 PM, 27-Feb-2025
'आतिशी ने बाबा साहब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह का अपमान किया'
दिल्ली विधानसभा सत्र के दौरान मालवीय नगर से भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा, "पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने बाबा साहब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह का अपमान किया है। मालवीय नगर में भगत सिंह जी के नाम पर एक पार्क है, जहां पार्क में लगी उनकी एक मूर्ति पिछले तीन सालों से क्षतिग्रस्त हालत में है। अगर अरविंद केजरीवाल, आतिशी और उनकी पार्टी स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करती तो वे इन मूर्तियों की मरम्मत करवाते, लेकिन उन्होंने इनका इस्तेमाल सिर्फ राजनीति के लिए किया। हम अगले एक महीने में नई मूर्ति लगवा देंगे या मौजूदा मूर्ति को फिर से स्थापित कर देंगे।"
03:22 PM, 27-Feb-2025
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने AAP विधायक आतिशी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में मान्यता दी।
02:21 PM, 27-Feb-2025
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा, "उपराज्यपाल के अभिभाषण के दौरान व्यवधान डालना बड़े स्तर की अवहेलना है। यह सदन की मर्यादा को तार-तार करना है। यह एक सामान्य प्रक्रिया है क्योंकि अगर कोई सदस्य सदन से बाहर निष्कासित होगा तो फिर उसे विधानसभा परिसर से ही बाहर जाना होगा। जब उनका निष्कासन समाप्त हो जाएगा, तब वे सदन के हर हिस्से में भाग ले पाएंगे।"
02:07 PM, 27-Feb-2025
एक तरह से यह बहुत बड़ा अपराध है: प्रवेश वर्मा
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, "10 साल तक तो (दिल्ली में)कुछ हुआ ही नहीं है। उन्होंने उपराज्यपाल के भाषण पर जो शोर मचाया या विरोध किया वह भी पहली बार हुआ है। विपक्ष सदन में जितना चाहे शोर मचाए लेकिन जब राष्ट्रपति या उपराज्यपाल का भाषण चल रहा हो तो उस दौरान शोर मचाने की अनुमति नहीं होती। एक तरह से यह बहुत बड़ा अपराध है। मैं उनसे(विपक्ष) अपेक्षा करता हूं कि वे आगे से ऐसा नहीं करेंगे।"
02:05 PM, 27-Feb-2025
मनजिंदर सिंह सिरसा का आम आदमी पार्टी पर हमला
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "इस(AAP) सरकार ने दोनों हाथों से जनता को लूटा है। शराब घोटाला, स्कूल घोटाला, बस घोटाला और अब कैमरा घोटाला भी सामने आ रहा है। यह कहते थे कि कैमरा चोरी पकड़ेगा लेकिन चोर ही कैमरे ले गए। इन्होंने कोई घोटाला छोड़ा ही नहीं है। मुझे लगता है CAG की रिपोर्ट कैमरों पर भी बुलानी पड़ेगी।"
नजफगढ़ का नाम बदलकर 'नाहरगढ़' करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा, "यह एक अच्छा प्रस्ताव है। ये किसी धर्म से जुड़ी बात नहीं है बल्कि भावनाओं से जुड़ी बात है।"
02:03 PM, 27-Feb-2025
नजफगढ़ से बदलकर 'नाहरगढ़' किया जाए: नीलम पहलवान
भाजपा विधायक नीलम पहलवान ने कहा, "आज मैंने (सदन में)नजफगढ़ क्षेत्र का मुद्दा उठाया कि नजफगढ़ क्षेत्र का नाम नजफगढ़ से बदलकर 'नाहरगढ़' रखा जाए। मैं नजफगढ़ क्षेत्र की उम्मीद बनकर इस मुकाम पर पहुंची हूं तो मेरी प्राथमिकता है वहां के लोगों की आवाज उठाना। आज मुझे पहला मौका मिला तो मैंने अपने राजा नाहर सिंह के नाम पर नजफगढ़ का नाम रखने का मुद्दा सदन में उठाया।"